allahabad@inext.co.in
ALLAHABAD: समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक सईद अहमद के सिविल लाइंस स्थित आवास पर शनिवार की रात कुछ अराजकतत्वों ने जमकर पत्थरबाजी की। जब पूर्व विधायक ने अंदर से ललकारा तो धमकाया कि बाहर निकल, इतनी गोली मारेंगे कि नेतागिरी भूल जाएगा। उन्होंने पुलिस को खबर दी तो हमलावर फरार हो गए। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पथराव व तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज की है।

तोड़े नेम प्लेट व विद्युत लैंप
पूर्व विधायक सईद अहमद ने पुलिस को बताया कि शनिवार को वे परिवार के साथ दारागंज रिश्तेदार के यहां गए थे। रात करीब दो बजे सिविल लाइंस आवास पर पहुंचे। भोर के करीब चार-पांच बजे कुछ लोग उनके घर पर पत्थर फेंकने लगे। उन्होंने घर पर लगे विद्युत लैंप, नेम प्लेट को तोड़ दिया और मेन गेट पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। कमरे से बाहर आकर पूर्व विधायक ने पत्थरबाजों को आवाज दी, तो पत्थरबाजों ने कहा कि घर से बाहर निकल, इतनी गोली मारेंगे के सारी नेतागिरी भूल जाएगा।

सीसीटीवी कैमरा खराब
सिविल लाइन थाने के इंस्पेक्टर ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देखने की कोशिश में जुटे इंस्पेक्टर को पूर्व विधायक ने बताया कि कैमरा एक दिन पहले ही खराब हो गया है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि पूर्व विधायक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।