JAMSHEDPUR: ग्रेजुएट कॉलेज, साकची : यहां पूजा के दौरान छात्राओं की काफी भीड़ देखी गई। पूजन के बाद छात्राओं ने फिल्मी गीतों पर जमकर सामूहिक नृत्य किया। इस दौरान कॉलेज परिसर में पैर रखने की जगह नहीं थी। छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए प्रिंसिपल डॉ। डीके धंजल समेत कई शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।

वीमेंस कॉलेज, बिष्टुपुर : यहां कॉलेज परिसर में बने मंच पर पूजा अर्चना की गई। भोग ग्रहण करने के बाद छात्राएं फिल्मी गीतों पर जमकर थिरकीं। मौके पर हॉस्टल व अन्य छात्राएं साड़ी व घाघरा चुन्नी पहनकर आयी थीं। इस मौके पर छात्राओं का साथ कई शिक्षिकाओं ने दिया।

एबीएम कॉलेज गोलमुरी : यहां प्रिंसिपल डॉ। मुदिता चंद्रा की देखरेख में छात्रों ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना की। दूर दराज से कई छात्र एवं पूर्व छात्र इस मौके पर पहुंचे। सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर डॉ। राजेंद्र भारती, प्रोफेसर नवनीत कुमार समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं व कर्मचारी उपस्थित थे।

एलबीएसएम कॅालेज करनडीह : यहां सरस्वती पूजा के अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ। एके झा, प्रिंसिपल डॉ। अमर सिंह समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शिरकत की। यह आयोजन कॉलेज छात्र संघ की ओर से आयोजित किया गया। पूजा के अवसर पर कॉलेज में हजारों छात्रों की भीड़ दिखाई पड़ी।

वर्कर्स कॉलेज मानगो : जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में छात्र संघ के द्वारा मां सरस्वती की आराधना की गई। पुरोहित हेमंत पाठक ने पूजन कार्य को संपन्न कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सैकड़ों छात्रों ने पुष्पांजलि अर्पित की। पूजा में यजमान के रूप में रंजन दास, राजेश महतो, सागर ओझा, सागर राय, विकास रजक, रंजन प्रामाणिक, बापन घोष, सत्य प्रामाणिक, अभिषेक ओझा, रिया, सिंटू सिंह सहित कई छात्र शामिल थे। यहां महाभोग का वितरण शुक्रवार को 12 बजे से किया जायेगा।

एमएनपीएस, बिष्टुपुर : यहां कैंपस परिसर में पूजा के दौरान प्रिंसिपल आशु तिवारी के अलावा स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी तथा उत्तरप्रदेश संघ के सदस्य व छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावक शामिल हुए। पूजा के बाद सभी छात्रों ने प्रसाद ग्रहण किया। कई बच्चों ने यहां विद्यारंभ का कार्य भी किया।