-बैठकों का दौर जारी, दीपावली के मद्देनजर 20 अक्टूबर से पहले होंगे आयोजन

-17, 18 या 19 सितंबर को हो सकता है आयोजन

-50 किमी की लंबी ह्यूमन चेन के जरिए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

देहरादून, 'से नो टू प्लास्टिक' के लिए 50 किलोमीटर की रिकॉर्डतोड़ ह्यूमन चेन बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। ह्यूमन चेन सक्सेस के लिए बैठकों का दौर जारी है। इसके लिए दून के कई स्कूलों तक अप्रोच कर दी गई है। जबकि कइयों को बातचीत जारी है। वहीं निगम प्रशासन अब एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस, एनजीओ, सरकारी व गैर सरकारी कार्मिकों की भी मदद लेने की तैयारी कर रहा है। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे का कहना है कि दीपावली त्यौहार को देखते हुए यानि 20 अक्टूबर से पहले इसका आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया गया है। इसके लिए 17 से 19 अक्टूबर के बीच कोई दिन तय किया जाएगा।

लोगों तक पहुंचेगा संदेश

शहर से प्लास्टिक के खात्मे के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी हैं। स्मार्ट सिटी, कॉलेज-स्कूल, संस्थाएं अपने स्तर पर जुटी हुई हैं। लेकिन नगर निगम ने प्लास्टिक का प्रयोग न हो, इसका संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए आगरा की तर्ज पर ह्यूमन चेन बनाने की तैयारी की है। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे कहते हैं कि प्रस्तावित ह्यूमन चेन 50 किमी लंबी होगी, इसके लिए एक लाख लोग शामिल होंगे। हर किसी से इस ह्यूमन चेन में शामिल होने का आग्रह किया रहा है। स्कूलों से बातचीत जारी है। सरकारी गैर सरकार डिपार्टमेंट्स, इंस्टीट्यूशंस से संपर्क साधा जा रहा है। एक लाख लोग इस ह्यूमन चेन में शामिल होंगे तो व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए भी पुलिस व प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। नगर आयुक्त का कहना है कि वेडनसडे को इस मसले पर पुलिस व जिला प्रशासन के साथ बैठक होगी।

निगम प्रशासन ने तय किया रूट

ह्यूमन चेन की तैयारियों को देखते हुए शुरुआती रूट भी तैयार कर दिया है। मोहकमपुर से लेकर रिस्पना पुल, हरिद्वार बायपास, आईएसबीटी, निरंजनपुर सब्जी मंडी, जीएमएस रोड, चकराता रोड, राजपुर रोड, रायपुर रोड, रिंग रोड शामिल किए गए हैं। बाकी सिटी के बीच के इलाके भी शामिल किए गए हैं। ह्यूमन चेन के लिए कोशिश की जा रही हैं कि जहां पर जो स्कूल हो, वह अपने नजदीकी इलाके में चेन में शामिल हो जाए।

सुरक्षा के लिए नोडल अधिकारी

ह्यूमन चेन के लिए निगम प्रशासन नोडल अधिकारी बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा पुलिस कर्मी की भी मदद ली जाएगी। 100 लोगों व बच्चों पर सुरक्षा के लिहाज से एक पुलिसकर्मी की मदद लिए जाने की तैयारी है। जिसके लिए पुलिस प्रशासन से निगम मदद लेने पर विचार कर रहा है। ह्यूमन चेन सुबह के वक्त ऑफिस टाइम से पहले संपन्न कराया जाएगा।

10 हजार कपड़े के बैग बांटे

एक तरफ नगर निगम प्लास्टिक वापसी के लिए ह्यूमन चेन निकालने की बात कह रहा है। वहीं दूसरी ओर निगम क्षेत्र के डेढ़ लाख घरों तक हर घर तक कपड़े के बैग पहुंचाने का भी दावा कर रहा है। निगम के दावों पर गौर करें तो अब तक निगम ने पिछले तीन-चार दिनों में 10 हजार कपड़े के कैरी बैग घरों तक पहुंचा दिए हैं। बताया गया है कि हर घर तक एक कपड़े का बैग पहुंचाने के लिए निगम की एक्सरसाइज जारी रहेगी। इसके लिए टीमें गठित की गई हैं। जिनके जरिए बैग पहुंचाया जा रहा है। बाकायदा, कपड़े के बैग का रिकॉर्ड भी रखा जा रहा है। जिससे दूसरा बैग उस घर को दोबारा न पहुंच पाया।

पौने करोड़ रुपये मिले

शुरुआत में कपड़े के एक बैग की कीमत 100 रुपए आंकी गई थी। लेकिन अब यह कीमत 50 रुपए बताई जा रही है। इसके लिए निगम ने एक फर्म को ऑर्डर भी जारी किए हैं। वहीं अब तक पौने एक करोड़ की धनराशि जुटाई जाने का निगम दावा कर रहा है। जिसमें सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से 50 लाख, एक प्राइवेट बैंक की ओर से 25, ओएनजीसी की ओर से 10 लाख व इंडियन ऑयल की तरफ से 50 हजार रुपए निगम को प्राप्त हो चुके हैं। दूसरी ओर निगम प्राइवेट बिल्डर्स, स्कूल ऑनर्स, एनजीओ तक भी अपनी पहुंच बना रहा है। लेकिन इस अभियान में पार्षद खास इंट्रेस्ट नहीं दिखा पाए हैं। जबकि निगम की ओर से पार्षदों को डेवलेपमेंट व‌र्क्स के लिए अतिरिक्त धनराशि आवंटित करने का भी भरोसा दिया गया था।