राज्य सरकार से मिली सहमति, जल्द शुरू होगी खरीद प्रक्रिया

देहरादून की सड़कों पर जल्द ही 20 अदद स्कार्पियो पेट्रोलिंग करती नजर आएंगी। सरकार ने इनकी खरीद के लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इसका औपचारिक आदेश मिलने के बाद पुलिस मुख्यालय इनकी खरीद की प्रक्रिया शुरू कर देगा। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में देहरादून की सड़कों और हाइवे में यह पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए जाएंगे। इसके बाद शेष जिलों के लिए वाहनों की खरीद की जाएगी।

अब तक ज्यादातर मोटर बाइक

देहरादून की सड़कों पर अभी सिटी पेट्रोल के कुछ वाहन पेट्रोलिंग करते नजर आते हैं, इनमें भी अधिकांश मोटरसाइकिल हैं। बीते कुछ समय से हर्कवे में हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्कॉर्पियो में पेट्रोलिंग किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही थी। राजधानी देहरादून से कई हाइवे जुड़ते हैं। ऐसे में हर हाइवे पर कम से कम एक पेट्रोलिंग वाहन की आवश्यकता महसूस की गई। इसके अलावा शहर के सभी मार्गो पर भी पेट्रोलिंग वाहन लगाने की भी योजना है। पुलिस मुख्यालय को इसके लिए नए वाहनों की आवश्यकता है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने 20 स्कार्पियो का प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष भी यह मसला लाया गया। उन्होंने पुलिस विभाग की जरूरत को देखते हुए इनकी खरीद को सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है। अब शासन द्वारा पुलिस मुख्यालय को इसकी खरीद के लिए शासनादेश जारी किया जाएगा।

---------

अभी योजना 15 नए वाहनों को शहरी क्षेत्र व पांच वाहनों को हाईवे पर लगाने की योजना है, जिससे की इन इलाकों पर नियमित पेट्रोलिंग की जा सके।

अशोक कुमार

पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था