- 4 थाने और अस्थाई चौकियां बनाई जा रही

- 35 वर्ष तक के पुलिसकर्मियों की ही होगी तैनाती

- 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की सूची भेजी गई

- 50 पुलिसकर्मियों की लिस्ट भेजी गई पूर्वी सर्किल से

- 35 पुलिसकर्मियों की लिस्ट भेजी गई पश्चिम सर्किल से

- इंग्लिश बोलने वाले पुलिस कर्मियों की जा रही वरीयता

- ट्राउजर और ब्लेजर में नजर आएंगे पुलिस कर्मी

LUCKNOW : इंवेस्टर्स समिट की तर्ज पर डिफेंस एक्सपो में ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मी नए लुक में नजर आएंगे। डिफेंस एक्सपो के लिए स्मार्ट, तेजतर्रार और इंग्लिश बोलने वाले पुलिस कर्मियों तलाश की जा रही है। डिफेंस में देश विदेश से कंपनियों आ रही हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए तैयारियों के साथ मेहमानों की सुरक्षा का भी खाका खींचा जा रहा है। एक्सपो के लिए विशेष तौर पर चार थाने और कई अस्थाई पुलिस चौकी बनाई जा रही है।

पुलिस कर्मियों के उम्र की होगी सीमा

डिफेंस एक्सपो के लिए लखनऊ के सभी एसपी को पत्र लिखकर स्मार्ट पुलिस कर्मियों की डिमांड की गई है। इसके लिए उम्र की सीमा निर्धारित की गई है। एक्सप्रो के लिए 35 वर्ष तक के ही पुलिस कर्मियों को शामिल किया जाएगा। यहीं नहीं इन पुलिस कर्मियों की स्पेशल ड्रेस होगी। पुलिस कर्मी ट्राउजर और ब्लेजर में नजर आएंगे।

इंग्लिश बोलने वाले को वरीयता

डिफेंस एक्सपो में देश विदेशी कंपनियों के साथ दुनिया भर के लोग पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा व सुविधा के लिए स्पेशल पुलिस फोर्स का गठन भी किया जा रहा है। इसके लिए सभी सर्किल के एसपी ने सौ से ज्यादा पुलिस कर्मियों को सेलेक्ट कर उनकी सूची भेज दी है। सूची में उन पुलिस कर्मियों को वरीयता दी गई जो अच्छी तरह से इंग्लिश बोल और समझ लेते हैं। पूर्वी सर्किल में करीब पचास पुलिस कर्मियों की लिस्ट भेजी गई जबकि पश्चिम में 35 पुलिस कर्मियों का नाम भेजा गया है।

अस्थाई थाने व पुलिस चौकी भी बनीं

डिफेंस एक्सपो के लिए स्मार्ट थाने व पुलिस चौकी भी बनाई जा रही है। वृंदावन में अस्थाई थाने बनाए गए हैं जबकि गोमती रिवर फ्रंट में अस्थाई पुलिस चौकी बनाई जा रही है ताकि एक्सपो में आने वाले मेहमान और आर्मी के जवानों के सामान के साथ उनकी सुरक्षा में कोई कमी न रहे।

कोट-

डिफेंस एक्सपो की सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एक्सपो में देश विदेश की कंपनी के साथ दुनिया भर से लोग आएंगे। सुरक्षा में पुलिस कर्मियों के साथ स्पेशल पुलिस फोर्स को भी तैनात किया गया। पुलिस के यह जवान ट्राउजर और ब्लेजर में नजर आएंगे।

-सुरेश चंद्र रावत, एसपी पूर्वी (कार्यवाहक एसएसपी)