पुलिस अभिरक्षा से भागे तीन बंदियों को पकड़ने के लिए इनाम का सहारा

डीआईजी ने तलब की फाइल, दो भागे थे कचहरी से व एक एसआरएन से

महीनों से खोज रही पुलिस लेकिन नहीं मिला कोई सुराग

ashutosh.srivastava@inext.co.in

ALLAHABAD: 'मिस्टर इंडिया' की तरह छूमंतर हुए तीन भगोड़े बंदियों को खोजने वालों को इनाम मिलेगा। पुलिस कस्टडी से भागने वाले बदमाशों पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीआईजी ने तीनों की फाइल तलब कर ली है और यह पूछा है कि बंदियों को पकड़ने के लिए अब तक पुलिस ने क्या-क्या कदम उठाए। जिन तीन बंदियों पर जल्द ही इनाम घोषित होगा, उनमें से दो कचहरी से और एक एसआरएन हॉस्पिटल से भागा था।

Case number one

25 दिसंबर की रात एसआरएन हॉस्पिटल से सजायाफ्ता बंदी युवराज कोरी भाग निकला था। तबीयत बिगड़ने पर उसको एसआरएन हॉस्पिटल लाया गया था। वह टॉयलेट की पाइप पकड़कर भाग निकला था। युवराज को कत्ल के जुर्म में सजा हुई थी। वह मूलरूप से फैजाबाद का रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश में इलाहाबाद से लेकर फैजाबाद तक खाक छानती रही लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। उसके कई रिश्तेदारों को भी पुलिस ने कई दिन तक बैठाए रखा लेकिन युवराज के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

Case number two

25 जनवरी को पेशी पर लाते वक्त प्रिजन वैन से जगराम चौराहे के पास से मऊआइमा के दामोदर पुरवा का संतोष सिंह (30) व अमरोहा के कुरैशी का मो। वसीम भाग निकले थे। संतोष दो साल से जेल में बंद था जबकि वसीम को इसी साल आठ जनवरी को पुलिस ने अरेस्ट किया था। वसीम बाइक चोरी, फर्जी पेपर तैयार करने और संतोष चोरी, नकबजनी, लूट के मामले में पकड़ा गया था। संतोष पर रायबरेली में अपने कंडक्टर रिश्तेदार के कत्ल का भी आरोप है। दोनों अब भी पुलिस के लिए पहले बने हुए हैं।

पांच हजार रुपए से होगी शुरुआत

तीनों बदमाशों पर इनाम की शुरुआत पांच हजार रुपए से होगी। पहला इनाम एसएसपी की ओर से घोषित होगा। इसके बाद डीआईजी इनाम को 10 हजार रुपए तक बढ़ा सकेंगे। अपराधियों के इतिहास को देखते हुए आईजी इसको बढ़ाकर 15 हजार रुपए तक कर सकते हैं।

छात्रनेता भी है इनामी

इलाहाबाद के इनामी बदमाशों की लिस्ट जोन में सबसे लंबी है। यहां कुल 53 इनामी बदमाश हैं। इनामियों की लिस्ट में छात्र नेता अच्युतानंद शुक्ला का भी नाम है। कर्नलगंज थाने से कई मामलों में फरार अच्युतानंद पर 12 हजार रुपए का इनाम घोषित हुआ है। इनाम घोषित होने के बाद भी अच्युतानंद का कोई सुराग नहीं मिल सका है। अच्युतानंद एसओ शिवकुटी वीके सिंह व कचहरी में सिपाही पर हमले का भी आरोपी है।

इलाहाबाद जोन में कहां कितने इनामी

जिला संख्या

इलाहाबाद 53

कौशांबी 11

फतेहपुर 10

प्रतापगढ़ 20

बांदा 11

हमीरपुर 01

महोबा 02

चित्रकूट 15

(जोन में आठ जिले हैं)

पुलिस कस्टडी से भागने वाले बदमाशों के बारे में डिटेल मांगी गई है। जल्द ही तीनों बदमाशों पर इनाम घोषित किया जाएगा।

जितेंद्र कुमार शाही, डीआईजी रेंज