यूपी बोर्ड मुख्यालय के समीप से कूड़ाघर हटाने को लेकर तीसरे दिन भी जारी रहा प्रदर्शन

पूर्व सांसद भी पहुंचे धरने में, पुतला फूंका गया

ALLAHABAD: यूपी बोर्ड मुख्यालय के सामने स्थित कूड़ा घर को हटाने की मांग में आंदोलन कर रहे कर्मचारियों को विभिन्न कर्मचारी संगठनो के साथ शिक्षक विधायक और पूर्व सांसद का भी साथ मिल गया है। दानों शुक्रवार को धरनास्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि कूड़ा घर के चलते बोर्ड मुख्यालय की इमेज खराब हो रही है। कर्मचारियों के बीमार पड़ने का खतरा सौ फीसदी बढ़ गया है। इसके बाद भी नगर निगम इसे यहां से हटाने की पहल नहीं कर रहा है।

अब तो आर या पार ही होगा

माध्यमिक शिक्षा परिषद मुख्यालय के बाहर बने कूड़ा घर को हटाने की मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने कूड़ाघर हटने तक आन्दोलन को जारी रखने की बात कही। मुख्यालय के बाहर से कूड़ाघर हटाने की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान माध्यमिक शिक्षा परिषद के कर्मचारियों के साथ ही राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश निदेशालय, राजकीय मुद्रणालय के कर्मचारीगण एवं पदाधिकारी का भी पूरा समर्थन मिला। शुक्रवार को चल रहे प्रदर्शन के दौरान आन्दोलनरत कर्मचारियों के बीच पूर्व सांसद धर्मराज पटेल भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के मांगों का समर्थन करते हुए आन्दोलन में हर प्रकार से साथ देने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी ने भी कर्मचारियों की मांग को सही ठहराते हुए बोर्ड मुख्यालय के बाहर बने कूड़ा घर हटाने की मांग का समर्थन किया।

फूंका नगर आयुक्त का पुतला

कूड़ा घर हटाने की मांग को लेकर लगातार चल रहे धरना प्रदर्शन के बाद भी नगर निगम प्रशासन की हठधर्मिता को देखते हुए आक्रोशित कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर आयुक्त का पुतला फूंका। माध्यमिक शिक्षा परिषद कार्णिक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शिवजी श्रीवास्तव, महामंत्री बृजनंदन ने बताया कि शनिवार को भी धरना जारी रहेगा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अजय कुमार भारती, संग्रह अमीन संघ के दिनेश द्विवेदी, राजकीय मुद्रणालय के अध्यक्ष ने भी निर्णय को अपना समर्थन दिया। विनोद कुमार पाण्डेय, एसपी मिश्र, राजेश्वर प्रसाद शुक्ल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।