आगरा। आरटीओ में सर्वर का धोखा देना जारी है। इसके चलते जमकर हंगामा हुआ।

मंगलवार सुबह से ही सर्वर डाउन हो गया। लोगों ने काफी देर तक तो सर्वर चलने का इंतजार किया, लेकिन काफी देर हो जाने के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। शिकायत करने के लिए लोग आरआई और एआरटीओ प्रशासन के पास पहुंच गए। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए ऊपर बात की गई है। एआरटीओ अनिल कुमार सिंह का कहना है कि सर्वर यहां से संचालित नहीं होता है। ऊपर से ही सर्वर काम करता है। इसमें स्थानीय स्तर पर कुछ नहीं किया जा सकता है। सर्वर डाउन चल रहा है, इस संबंध में शिकायत दर्ज करा दी गई है।

पहले भी कई बार हो चुका है

ऐसा नहीं है कि मंगलवार को ही सर्वर डाउन हुआ हो, पहले भी कई बार डाउन हुआ है। इस स्थिति में वहां पर कार्य करने वाले बाबुओं की परेशानी अधिक बढ़ जाती है। सर्वर के कारण करीब दो घंटे तक लोग परेशान रहे। इसके बाद ही उनका काम हो सका।