आगरा। थाना ताजगंज में एक किशोर ने 10 वर्षीय बच्चे को निशाना बना लिया। पड़ोसी लड़का उसे घर के बाहर से बहला फुसला कर ले गया। यमुना किनारे ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया। विरोध करने पर मारने की धमकी दी। एक बुजुर्ग महिला को देख आरोपी लड़का मौके से भाग निकला। परिजनों ने इस संबंध में थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

घर के बाहर से ले गया

ताजगंज निवासी 10 वर्षीय बालक दूसरी क्लास में पढ़ता है। बुधवार दोपहर वह घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक आया और उसे यमुना दिखाने और टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। वह उसे ताजमहल के पीछे टेनरी पर ले गया। उसके साथ कुकर्म किया। छात्र उसकी हरकत से दहशत में आ गया, लेकिन कुछ बोल न सका। छात्र ने विरोध किया तो उसे मारने की धमकी दे दी।

बुजुर्ग महिला ने पहुंचाया घर

वहीं पर झोपड़ी डाल कर एक बुजुर्ग महिला रहती है। महिला ने छात्र की चीख सुनी तो वह अपनी झोपड़ी से बाहर आ गई। उसे देख आरोपी लड़का मौके से भाग निकला। बुजुर्ग महिला छात्र को उसके घर पर लेकर पहुंची। उसके परिजनों को घटना से अवगत कराया। परिजनों ने थाना ताजगंज में शिकायत दर्ज कराई है।