- श्री महंत देवेन्द्र दास महाराज चुने गए उदासीन सम्प्रदाय के सभी संस्थानों के अध्यक्ष

- उत्तराखण्ड में उदासीन सम्प्रदाय के 100 से अधिक आश्रम व संस्थान, देशभर में 350 आश्रम

DEHRADUN: श्री दरबार साहिब देहरादून के सज्जादानशीन श्री महंत देवेन्द्र दास महाराज को उत्तराखण्ड में संचालित उदासीन पंचायती अखाड़ा के सभी संस्थानों के भेष संरक्षण समिति का अध्यक्ष चुना गया है। उदासीन पंचायती अखाडे़ के हरिद्वार स्थित गुरुमण्डल आश्रम देवपुरा में विभिन्न आश्रमों के परमाध्यक्षों व महंतों की उपस्थिति में श्री महंत देवेन्द्र दास महाराज को अध्यक्ष चुना गया। उत्तराखण्ड में उदासीन सम्प्रदाय के 100 आश्रम व संस्थान कार्य कर रहे हैं, जबकि देश भर में उदासीन सम्प्रदाय के आश्रमों की संख्या 350 है।

कनखल हरिद्वार में हुआ आयोजन

उदासीन पंचायती अखाड़े के गुरुमंडल आश्रम कनखल हरिद्वार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों से आए उदासीन पंचायती अखाड़ा के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से श्री महंत देवेन्द्र दास महाराज को उत्तराखण्ड में संचालित उदासीन पंचायती अखाड़ा के सभी संस्थानों का अध्यक्ष, स्वामी भगवती स्वरूप शास्त्री को उपाध्यक्ष व स्वामी शिवानंद आचार्य को महासचिव चुना गया। इस अवसर पर श्री देवेन्द्र दास महाराज ने कहा कि उत्तराखण्ड में संचालित सभी उदासीन आश्रमाें की देखरेख, रख-रखाव, संरक्षण व संव‌र्द्धन, आय-व्यय के विवरण के लिए समतियों का गठन किया जाएगा। गंगा संरक्षण, शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। कुम्भ मेला 2021 में भेष संरक्षण समिति, उदासीन जनकल्याण के कई कार्य करेगी। भारतीय संस्कृति के प्रचार प्रसार के लिए उदासीन आश्रमों से सहयोगियों की टीम तैयार की जाएगी जो वृहद पैमाने पर भारतीय संस्कृति के प्रचार प्रसार का कार्य करेंगी। उदासीन पंचायती अखाड़ा से जुड़े संतों के इलाज के लिए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में विशेष व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।