नई दिल्ली (एएनआई)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार शाम को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले हैं। शिवराज सिंह चौहान के चौथी बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद तीन महीनों में यह उनकी पहली आधिकारिक बैठक होगी। आज की बैठक में दो वरिष्ठ नेताओं की मध्य प्रदेश में वर्तमान राजनीतिक स्थिति और राज्य मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवराज द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी को वर्तमान मध्य प्रदेश में कोविड -19 के हालातों के बारे में जानकारी देने की उम्मीद है।

किसानों की स्थिति और गेहूं की खरीद के बारे में भी हो सकती चर्चा
भाजपा के सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों के बीच आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों पर भी चर्चा होने की संभावना है।इसके अलावा शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री को राज्य में किसानों की स्थिति और गेहूं की खरीद के बारे में भी जानकारी दे सकते हैं। बता दें कि 23 मार्च को शिवराज सिंह चाैहान के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद, कोविड-19 की वजह से लॉकडाउन लग गया था। ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री से नहीं मिल सके।

National News inextlive from India News Desk