पूर्व संध्या पर कहीं श्रृंगार तो कहीं हुआ जागरण

देहरादून।

महाशिवरात्रि के मौके पर शहर के शिवालयों में रात 12 बजे से ही भोले बाबा का विशेष अभिषेक होने लगा था। वहीं पूर्व संध्या पर कहीं जागरण तो कहीं बाबा का विशेष अभिषेक किया गया। जगह-जगह मेले भी लग गए हैं।

--

टपकेश्वर में जलाभिषेक

टपकेश्वर मंदिर में थर्सडे को रात दस बजे से श्रद्धालुओं की लाइन लगने लगी थी। 12 बजे से यहां जलाभिषेक शुरू हो गया था। साथ ही कांवडि़यों के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। गढ़ी-डाकरा स्थित श्री नागेश्वर मंदिर में सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। पंचायती मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर सभी जगह महाशिवरात्रि पर रूद्राभिषेक, हवन-पूजन आदि आयोजन होंगे।

--

3100 दीयों से रंगोली

सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर 3100 दीयों की रंगोली सजाई गई। सेवादल की ओर से सूखे रंगों, सूजी के रंगों से भोले बाबा और अ‌र्द्धनारीश्वर बनाए गए। बम-बम भोले से वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर में मध्यरात्रि में सामूहिक महारूद्राभिषेक। हरिद्वार से लाए गंगाजल से किया गया। सेवादार संजय गर्ग ने बताया कि 500 किलो केसर का दूध पर्व पर प्रसाद के रूप में वितरित होगा साथ ही भस्म आरती होगी।

--

समाधि स्थल का लोकार्पण ब्रहमलीन 108 माया गिरी महाराज की समाधि का लोकार्पण भी थर्सडे को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। इस मौके पर महंत कृष्णा गिरी और पुजारी भरत गिरी के पावन सानिध्य में कार्यक्रम संपन्न कराया गया। आचार्य बिपिन जोशी ने बताया कि ब्रहमलीन महंत की आशीर्वाद मुद्रा में धातु की प्रतिमा बनाई गई है। इस मौके पर मेयर सुनील उनियाल गामा, हरि शंकर गिरी, गोपाल गुप्ता ,महेश खंडेलवाल आदि उपस्थित थे।

--

भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु

महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर श्री गुरु राम राय दरबार के सामने चौथा विशाल जागरण आयोजित किया गया। इस मौके पर रिंकू गुलाटी एंड पार्टी प्रभु की लीला में मग्न जैसे भजनों पर श्रद्धालुओं को झूमाया। भोले बाबा की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोहा। कार्यक्रम में संजीव गर्ग, सुंदर सिंह, गुडडी, संजीव गुप्ता, आशीष, राजीव, कुलभूषण अग्रवाल आदि ने सहयोग किया।