- पूर्व प्रधान ने कुनबे पर बरसाई लाठी, कई लहूलुहान

- दोनों पक्षों से तहरीर लेकर पुलिस ने दर्ज की बलवा की रिपोर्ट

SIRATHU(2 March,JNN):

सदर कोतवाली क्षेत्र के नारा गांव में बुधवार सुबह हैंडपंप पर एक बच्चे के थूकने से संग्राम छिड़ गया। पूर्व प्रधान ने अपने साथियों सहित पूरे कुनबे को दौड़ा दौड़ाकर लाठियों से पीटा। इसमें कई लहूलुहान हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर बलवा का मुकदमा दर्ज किया है।

पानी भरने गया था

बुधवार की सुबह आठ बजे नारा गांव के पूर्व प्रधान राम नरेश के दरवाजे लगे सरकारी हैंडपंप पर राजेंद्र सोनकर का लड़का पानी भरने गया। उसने वहीं पर थूक दिया जिसे लेकर वहां मौजूद राजेंद्र व पूर्व प्रधान के भाई बृजेश सोनकर के बीच विवाद हो गया। इसकी जानकारी पूर्व प्रधान राम नरेश हुई तो उसने अपने साथ अखिलेश सोनकर, दिनेश सोनकर, मनोज व सूरज द्विवेदी व अपने भाई के साथ युवक के घर धावा बोल दिया। उनको देखकर राजेंद्र घर से भागने लगा। प्रधान के साथियों ने उसे पकड़ लिया। उसे लाठी-डंडों से जमकर पीटा।

महिलाओं को भी पीटा

घर की महिलाएं बीच बचाव के लिए आई तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ अभद्रता भी की। शोरगुल सुनकर गांव के अन्य लोगों को आता देख पूर्व प्रधान साथियों के साथ फरार हो गया। आक्रोशित गांव के लोगों ने पूर्व प्रधान पक्ष पर भी पथराव कर दिया, जिससे उसे भी हल्की चोंटे आ गई। पिटाई में घायल राजेंद्र व उसके भाई को लेकर गांव के लोग प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारा चौकी पहुंचे। पुलिस ने राजेंद्र को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने मामले को लेकर मंझनपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर बलवा व मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।