-श्री सिविल लाइंस रामलीला समिति व सिविल लाइंस व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वाधान में निकला रामदल, जस्टिस अरुण टंडन ने उतारी आरती

-मुख्य अतिथि कमिश्नर डॉ। आशीष कुमार गोयल, जिलाधिकारी संजय कुमार व एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का किया उद्घाटन

ALLAHABAD: श्री सिविल लाइंस रामलीला समिति व सिविल लाइंस व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वाधान में नवरात्रि की षष्ठी तिथि मंगलवार को रामदल पूरी भव्यता के साथ निकाला गया। हाईकोर्ट हनुमान मंदिर के सामने जस्टिस अरुण टंडन ने भगवान राम का पूजन किया और आरती उतारी। वहां से हाथी पर चांदी के हौदे पर विराजमान होकर राम व लक्ष्मण जनमानस को दर्शन देने निकले। मुख्य अतिथि कमिश्नर डॉ। आशीष कुमार गोयल, जिलाधिकारी संजय कुमार, एसएसपी आनंद कुलकर्णी व समिति के अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे ने सुभाष चौराहे पर दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।

मंत्रमुग्ध करतीं झांकियां

सिविल लाइंस के रामदल में सबसे आगे गणेशजी की आठ फिट की प्रतिमा का आकर्षण छाया रहा तो हाथी पर विराजमान राम व लक्ष्मण की मनोहारी रूप को देखकर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने स्वागत किया। हाथी, घोड़ा व डीजे की धुन पर लक्ष्मण-परशुराम संवाद, राम वनगमन, शिव-पार्वती विवाह, अयोध्या का राज दरबार, शिव तांडव व ताड़का वध जैसी झांकियां हर किसी को मंत्रमुग्ध करती रही। रामदल में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील खरबंदा, शिव शंकर सिंह, सतीश अरोरा, अमित सिंह, निशांत गांधी आदि मौजूद रहे।

प्रभु को राजगद्दी, छाई खुशियां

श्री श्री बाल रामलीला समिति सिविल लाइंस की ओर चल रही रामलीला का मंगलवार को समापन हो गया। मंचन स्थल पर अंतिम दिन राम की अगुवाई में वानर सेना द्वारा रावण और उसके भाईयों का वध कर दिया जाता है। उसके बाद जीत की खुशियां मनाई जाती है और राम अयोध्या वापस लौट आते हैं। जहां रामराज्याभिषेक समारोह आयोजित होता है। समापन पर समिति पदाधिकारियों ने कलाकारों को अंगवस्त्रम व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रो। रत्‍‌नेश मिश्रा, लीला निर्देशक शंकर सुमन, अमित सिंह, नीरज जायसवाल, मीडिया प्रभारी आनंद दुबे आदि मौजूद रहे।