बागडोगरा (पीटीआई)। उत्तरी सिक्किम में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 16 जवानों की जान चली गई। इस संबंध में भारतीय सेना ने कहा कि उत्तरी सिक्किम के जेमा में एक दुखद सड़क दुर्घटना में शहीद हुए सैन्यकर्मियों के लिए शनिवार को एक सम्मान समारोह में माल्यार्पण किया जाएगा। बागडोगरा एयरपोर्ट टेक्निकल एरिया में शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण होगा। भारतीय सेना के 16 बहादुर जवानों ने शुक्रवार सुबह उत्तरी सिक्किम के जेमा में एक खड़ी ढलान पर एक मोड़ पर सेना के ट्रक के फिसलने से अपनी जान गंवा दी। सेना का ट्रक तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से थंगू की यात्रा कर रहा था। हादसे में जान गवांने वाले जवानों में तीन जूनियर कमीशंड अधिकारी भी शामिल थे। बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया।
हादसे में जान गवांने वाले ये जवान
सेना ने कहा कि शहीद जवानों में 285 मेडिकल रेजिमेंट के नायब सूबेदार चंदन कुमार मिश्रा और नायब सूबेदार ओंकार सिंह, 26 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के एल/हवलदार गोपीनाथ माकुर, सिपाही सुखा राम, हवलदार चरण सिंह और नायक रविंदर सिंह थापा शामिल हैं। मृतकों में 221 फील्ड रेजीमेंट के नायक वैशाख एस और नायक प्रमोद सिंह शामिल हैं, जबकि 25 ग्रेनेडियर्स के चार सैनिकों- एल/नायक भूपेंद्र सिंह, नायक श्याम सिंह यादव, नायक लोकेश कुमार और ग्रेनेडियर विकास कुमार ने भी इस दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। सेना ने कहा कि 8 राजस्थान राइफल्स से सूबेदार गुमान सिंह और एल/हवलदार अरविंद सिंह, 113 इंजीनियर रेजिमेंट के एल/नायक सोमबीर सिंह और 1871 फील्ड रेजिमेंट के एल/नायक मनोज कुमार भी दुर्घटना में जान गंवाने वाले सैनिकों में शामिल हैं। गुमान सिंह राजस्थान के जैसलमेर के रहने वाले थे, जबकि अरविंद सिंह हरियाणा के भिवानी, सोमवीर सिंह हरियाणा के हिसार और मनोज कुमार राजस्थान के झुंझुनू के रहने वाले थे।

National News inextlive from India News Desk