-खोराबार एरिया के कुसम्ही में खड़ी थी पीआरवी

-इवेंट छूटा पीछे, सांप ने छुड़ा दिए पुलिस के पसीने

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के कुसम्ही बाजार में भूमि विवाद सुलझाने पहुंची पीआरवी मुसीबत में पड़ गई। झगड़ा छुड़ा रही पुलिस को सांप ने उलझा दिया। वैन में सांप घुसने से पुलिस कर्मचारी परेशान हो गए। घंटों तामझाम फैलाने के बाद भी सांप नहीं निकला तो गाड़ी को लेकर पुलिस मोहद्दीपुर पहुंची। करीब चार घंटे बाद सांप को बाहर निकाला जा सका। सांप के निकलने पर पुलिस कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

विवाद सुलझाने पहुंची थी पीआरवी

दोपहर करीब ढाई बजे कुसम्ही बाजार में एक विवादित भूमि पर निर्माण की सूचना पुलिस को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी 0322 की टीम पहुंची। सड़क पर गाड़ी खड़ी कर पुलिस विवाद सुलझाने में बिजी हो गई। दोनों पक्षों संग मिलकर पुलिस मामला निस्तारित करा रही थी। तभी एक सांप पुलिस के वैन में घुस गया। एक लड़के ने गाड़ी में सांप को घुसते हुए देख लिया। उसके शोर मचाने पर लोगों को जानकारी हुई। गाड़ी में घुसा सांप इधर-उधर घूमने लगा। कार में सांप को देखकर पुलिस वालों को होश्ा उड़ गए।

मोहद्दीपुर में डैश बोर्ड खोलकर िनकाला सांप

फाटक खोलकर लोगों ने सांप भगाने का प्रयास किया। लेकिन शोर-शराबा होने से कार के डैश बोर्ड में सांप घुस गया। विवाद को आधा-अधूरा छोड़कर पुलिस कर्मचारी सांप को बाहर निकालने में बिजी हो गए। करीब छह बजे तक प्रयास चलता रहा। कोई रास्ता न सूझने पर कार को गैरेज में ले जाने का प्लान बना। लेकिन डैश बोर्ड में सांप घुसने से कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। बड़ी मुश्किल से एक युवक कार चलाने को तैयार हुआ। एक पुलिस कर्मचारी को बैठाकर वह मोहद्दीपुर पहुंचा। दूसरे पुलिस कर्मचारी और गांव के लोग बाइक से पीछे-पीछे आए। मोहद्दीपुर में मैकेनिक की मदद से सांप को निकाला जा सका। सांप के भागने पर पुलिस कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।