- उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, आज बारिश और बर्फबारी की संभावना

DEHRADUN: उत्तराखंड में बुधवार को आसमान में बादलों ने डेरा जमाए रखा, जबकि चारधाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को चारधाम समेत 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। कुछ शहरों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

आसमान में छाये रहे बादल

बुधवार को सूबे के अधिकांश इलाकों में आसमान में बादल छाये रहे। मैदानी क्षेत्रों में धूप और बादलों की लुकाछिपी का खेल दिनभर चलता रहा। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में शाम के समय बर्फबारी शुरू हो गई। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। एक बार दोबारा से ठंड लौट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में आगे कुछ दिन मौसम के मिजाज बदले रहेंगे। गुरुवार को अधिकांश इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जबकि, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 22 फरवरी को भी मौसम के मिजाज में कोई बदलाव न होने के आसार हैं।