सर्द हवाओं के चलते ठिठुर गए लोग

हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी, वेस्ट में सिहरन

-शिमला में मौसम की पहली बर्फबारी के बाद बढ़ी गलन

-बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी

Meerut: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद जहां समूचा उत्तर भारत ठिठुर वहीं वेस्ट यूपी में भी दिनभर धूप नहीं निकली। बर्फबारी का असर है कि मेरठ में तापमान काफी गिर गया। रविवार सुबह से ही यहां धुंध रही और देर शाम तक कोहरा और गहरा गया। सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में दुबके रहने के लिए मजबूर कर दिया।

वेस्ट यूपी में बर्फीली हवाएं

मेरठ समेत वेस्ट यूपी में बर्फीली हवाओं से लोग ठिठुर गए। गलन बढ़ गई। खिली धूप भी सर्द हवाओं के सामने नतमस्तक नजर आई। शाम होते-होते हवाएं और तेज हो गईं। जानलेवा हुई ठंड से लोग घरों में दुबके रहे। शुक्रवार रात शुरू हुए कोहरे का कहर जारी है। शनिवार देर रात से सुबह तक कोहरे की चादर धूप निकलने तक तनी रही। दृश्यता बेहद कम होने के चलते कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहा।

---

वेस्टर्न डिस्टर्बेस के चलते मौसम में बदलाव आया है। आने वाले 48 घंटों तक तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। वेस्ट यूपी में शीत लहर और घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा।

-डॉ। सुभाष, मौसम वैज्ञानिक, सरदार बल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय

कोहरे के कारण ट्रेनें रहीं लेट

-नौचंदी-संगम समेत ज्यादातर ट्रेनें हुई लेट

मेरठ की प्रमुख संगम एक्सप्रेस 18 घंटे तक लेट थी। खबर लिखे जाने तक ट्रेन स्टेशन पर नहीं पहुंची थी। सुबह 7 बजे मेरठ सिटी स्टेशन पर पहुंचने वाली एक्सप्रेस ट्रेन रात्रि 11 बजे तक पहुंचने की संभावना है। रेलवे का दावा है कि रात्रि 2 बजे तक संगम को रवाना कर दिया जाएगा। नौचंदी 5 घंटे लेट है। इसके अलावा अप एंड डाउन की करीब 80 ट्रेनें 2 से 6 घंटे तक लेट थीं। कोहरे का असर रेलवे के परिचालन पर पड़ा।