वार्ड नंबर-55

वार्ड नाम-मोतीलाल नेहरू

पार्षद- सुरेंद्र सिंह 'राजू गांधी'

एजुकेशन- हाईस्कूल

जनसंख्या-18 हजार

मतदाता-12-13 हजार

इलाके-मोतीनगर, नेहरू नगर, आर्यनगर, कायमखेड़ा, मवैया आदि

पार्षद सुरेंद्र सिंह 'राजू गांधी'

एजुकेशन: हाईस्कूल

LUCKNOW : मोतीलाल नेहरू वार्ड में विकास तो हुआ है, लेकिन घरों से कचरा उठाने और कुछ जर्जर सड़कों की समस्या से यहां के नागरिकों को रूबरू होना पड़ रहा है। यह बातें आज वहां के लोगों ने वार्ड विकास की हकीकत जानने पहुंची दैनिक जागरण-आईनेक्स्ट टीम से कहीं। लोगों ने कहा कि अगर वार्ड की गलियों में डस्टबीन रखवा दी जाएं तो लोगों को खुले में कचरा नहीं फेंकना पड़ेगा और यहां की सड़कें भी पूरे दिन साफ रहेंगी। हालांकि यहां के निवासियों को कहना है कि वे जब अपनी समस्याओं को लेकर स्थानीय पार्षद के पास जाते हैं तो वे उनके समाधान की कोशिश करते हैं। हालांकि कुछ टूटी सड़कों को लेकर लोगों में थोड़ी नाराजगी भी यहां दिखाई दी।

हक और हकीकत

1-सड़क: वैसे तो इस वार्ड के अंतर्गत अधिकांश सड़कों का निर्माण कराया गया है लेकिन नेहरू नगर में एक सड़क की हालत थोड़ी जर्जर है। जिसके कारण जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है। अगर यह सड़क सुधर जाए तो लोगों को खासी राहत मिलेगी।

स्कोरशीट-10 में 6

2-खाली प्लॉट: वार्ड में एक दो प्लॉट खाली पड़े हैं। जिनका यूज लोग कूड़ा फेंकने के लिए करने लगे हैं। नगर निगम की टीम वार्ड की गलियों से कूड़ा तो नियमित रूप से उठाती है लेकिन इन प्लॉटों में पड़े कूड़े की तरफ उसका ध्यान नहीं जाता है। जनता चाहती है कि इन प्लॉटों की भी सफाई की जाए। ताकि यहां से गंदगी पूरी तरह खत्म हो जाए।

स्कोरशीट-10 में 4

3-कचरा कलेक्शन: वार्ड में नियमित रूप से कचरा तो उठता है लेकिन डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की जरूरत है। घरों से नियमित रूप से कचरा न उठने से बहुत से लोग इधर-उधर ही कूड़ा फेंक देते हैं। जिसकी वजह से बाकी लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। इस व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना चाहिए।

स्कोरशीट-10 में 3

4-स्ट्रीट लाइट: इस वार्ड के अंतर्गत मार्ग व्यवस्था की स्थिति ठीक है लेकिन एक दो स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। जिससे रात के वक्त जनता को परेशान होती है। अगर खराब स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कर दी जाएं तो निश्चित रूप से वार्ड की स्थिति और भी ज्यादा बेहतर होगी साथ ही जनता की भी मुश्किलें कम होंगी।

स्कोरशीट-10 में 6

5-नालियां-नेहरू नगर के अंतर्गत कुछ स्थानों पर नालियों में ही कचरा पड़ा हुआ है। इसकी वजह यह है कि कहीं भी डस्टबीन नहीं रखे हैं, लोग नालियों में ही कचरा फेंकने को मजबूर हैं। परिणामस्वरूप वार्ड की स्वच्छता की चमक फीकी पड़ रही है। अगर डस्टबीन रख दिए जाएं तो नालियों में भी कचरा नहीं दिखाई देगा।

स्कोरशीट-10 में 5

पब्लिक डिमांड

1-डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था दुरुस्त हो

2-सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाए

3-गलियों में डस्टबीन रखवाए जाएं

4-आवारा जानवरों से मुक्ति

5-खाली प्लॉटों में कचरा न फेंका जाए

6- टूटी सड़क को ठीक कराया जाए

वार्ड बोलता है---

निश्चित रूप से वार्ड में कोई खास समस्या नहीं है। पार्षद की ओर से विकास कार्य कराए गए हैं। हां, इतना जरूर है कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था और दुरुस्त हो जाए तो निश्चित रूप से वार्ड और भी अधिक स्वच्छ नजर आएगा।

जगदीश सिंह

पार्को का सौंदर्यीकरण भी हुआ है और सड़कों का निर्माण भी कराया गया है। सफाई व्यवस्था भी बेहतर है। वार्ड को स्वच्छ बनाने के लिए जनता को भी जागरुक होना होगा और अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। सड़क पर कचरा फेंकने से लोगों को बचना चाहिए।

योगेंद्र सिंह

वैसे तो कोई समस्या नहीं है, पानी भी मिलता है और सफाई भी होती है। बस इतना है कि अगर डस्टबीन रखवा दिए जाएं तो स्थिति और बेहतर हो सकती है। इस तरफ ध्यान दिए जाने की जरूरत है। पार्षद हमारी हर समस्या का समाधान करता है।

सुंदरी

मुझे तो कोई खास समस्या नजर नही आती है। हर तरफ विकास हुआ है। एक दो कमियां तो हर जगह रहती हैं। हां, इतना जरूर है कि निगम को जगह-जगह डस्टबीन रखवा देने चाहिए। जिससे कोई भी सड़क पर कचरा न फेंके।

अतुल श्रीवास्तव

जवाब दो पार्षद जी

प्रश्न: डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की जरूरत है?

उत्तर: वैसे तो मेरे वार्ड में नियमित रूप से कचरा उठता है। अगर जनता को लगता है कि ये व्यवस्था और दुरुस्त होनी चाहिए तो निश्चित रूप से इस दिशा में कदम आगे बढ़ाए जाएंगे।

प्रश्न: एक दो स्थानों पर सड़क उखड़ी हुई हैं?

उत्तर: यह मामला मेरी जानकारी में नहीं है। अगर कहीं कोई भी सड़क टूटी हुई है तो तत्काल उसे ठीक कराया जाएगा।

प्रश्न: आवारा जानवरों की धरपकड़ होती है?

उत्तर: निश्चित रूप से समय-समय पर अभियान चलवाकर आवारा जानवरों की धरपकड़ कराई जाती है। वार्ड के लोग जब भी मुझे इस तरह की जानकारी देते हैं तो मैं अपनी तरफ से समस्या का समाधान करता हूं।

प्रश्न: जनता के लिए आपने क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध कराईं?

उत्तर: मैंने अपने कार्यकाल के दौरान यहां के पार्को का सौंदर्यीकरण और सड़कों का भी निर्माण कराया। इसके साथ ही निगम अस्पताल में निशुल्क चिकित्सा सुविधा करवाई है। रोज सफाई हो रही है कि नहीं इस पर भी मैं बराबर नजर रखता हूं।

पार्षद- सुरेंद्र सिंह 'राजू गांधी'

एजुकेशन: हाईस्कूल