कानपुर। बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली की साथी नेताओं में लोकप्रियता का अंदाजा सोशल मीडिया पर शेयर की गई पुरानी तस्वीरों को देखकर सहज ही लगाया जा सकता है। नेता चाहे बीजेपी से हों या मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस से या फिर किसी और दल से अपने साथ उनकी पुरानी तस्वीरें साझा की हैं। उनके निधन को देश के लिए बड़ी क्षति बताई है। किसी ने उन्हें अच्छा दोस्त बताया तो किसी ने दूरदर्शी नेता कहा।



शरद यादव ने भी कई तस्वीरें साझा करते हुए अरुण जेटली को अपना दोस्त बताया और उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उनके निधन को उन्होंने सभी के लिए बड़ा नुकसान बताया। उन्होंने कहा कि वे एक महान वकील, नेता और उत्कृष्ट सांसद थे।



कांग्रेस के नेता शशि थरूर ने अरुण जेटली के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर कराते हुए उन्हें दोस्त और दिल्ली यूनिवर्सिटी में अपना सीनियर बताया और शोक व्यक्त किया। थरूर ने कहा कि जेटली से उनकी पहली मुलाकात तब हुई थी जब वे दिल्ली छात्र संघ के अध्यक्ष थे और वे सेंट स्टीफन काॅलेज स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद के बावजूद उनके बीच स्वस्थ चर्चा होती थी और एकदूसरे के प्रति आदर था। उनके निधन को भारत के लिए बड़ी क्षति बताया।

 



पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ जेटली और अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें अपना प्रिय दोस्त बताया और उनके अचानक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब वे याद बनकर रह गए हैं। पूर्व पीएम वाजपेयी की केबिनेट में हम साथ थे। सरकार, संसद, कानून, राजनीति और सार्वजनिक जीवन सहित कई क्षेत्रों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

National News inextlive from India News Desk