- फेसबुक के जरिए हो रहा है पार्टी और प्रत्याशियों का प्रचार

- लोकल लेवल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक बने हुए हैं अकाउंट

Meerut: अभी तक जमीं पर लड़ा जाने वाला चुनाव अब वर्चुअल हो चला है। लोकसभा चुनाव की वैतरणी पार करने के लिए सभी प्रमुख पॉलिटिकल पार्टी सोशल मीडिया के जरिए नैया पार करने में लगे हुए हैं। हर पार्टी ने खासतौर से फेसबुक पर न केवल अपना पेज बनाया हुआ है बल्कि एकांउट भी खोला हुआ है।

नैया पार लगाने की कोशिश

सोशल मीडिया के बढ़ते चलन से हर पार्टी के नेताओं ने फेसबुक से जरिए लोगों को न केवल अपनी पार्टी की उपलब्धियां बताने का काम किया है बल्कि उनको फ्रेंड्स बनाकर अपने साथ जोड़ने की कोशिश भी की जा रही है। हर वर्ग के लोगों को पार्टी के नेता अपने से जोड़ना पसंद कर रहे हैं। नेताओं का मानना है कि सोशल मीडिया से ही पार्टी की नैया पार लगाई जा सकती है।

आया है बड़ा बदलाव

सोशल मीडिया के आने से चुनाव प्रचार करने में बड़ा बदलाव आया है। जहां पहले पार्टी कार्यकर्ता झंडे पोस्टर लोगों के घर लगाकर लोगों से अपने को जोड़ने की कोशिश करते थे, वहीं पार्टी फेसबुक के माध्यम अपने को लोगों से कनेक्ट कर रही है। हर पार्टी के नेताओं को लोगों को अपने से जोड़ने की होड़ लगी हुई है।

नेता कर रहे हैं प्रचार

हर पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने फेसबुक पर अपना निजी अकाउंट बनाया हुआ है, जो नेता और कार्यकर्ता जिस पार्टी से संबधित हैं, उस पार्टी और कार्यकर्ताओं के फ्रेंड लिस्ट में हैं। जब पार्टी या कोई कार्यकर्ता कोई स्टेटस अपडेट करता या टैग करता है तो कार्यकर्ता के साथ-साथ उसके फ्रेंड लिस्ट में जुड़े अन्य लोगों तक भी सर्कुलेट होती है।

भारतीय जनता पार्टी

भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले ही सोशल मीडिया पर प्रचार शुरू कर दिया था। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह समेत तमाम राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के फोटो को शेयर किया जा रहा था। इसके लिए सेंट्रल से लेकर प्रदेश स्तर पर आईटी की टीम वर्क कर रही है। फेसबुक, ट्विटर, तमाम सोशल मीडिया के जरिए लोकल लेवल से नेशनल लेवल तक प्रचार किया जा रहा है। फेसबुक पर भाजपा का राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के साथ मेरठ में पेज और अकाउंट खुला हुआ है, जिस पर भाजपा का खूब प्रचार हो रहा है।

इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी

लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी भी इंटरनेट पर एक्टिव हो गई। कांग्रेस का भी वेब पर पेज बना हुआ है। यूपी और मेरठ कांग्रेस का फेसबुक अकाउंट खुला हुआ है, जिस पर कांग्रेस पार्टी की नैया पार लगाने के लिए कांग्रेसी प्रचार कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस की आईटी टीम भी पूरा वर्क कर रही है। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की पुरानी फोटो डालकर सोशल मीडिया से जुडे़ लोगों को लुभाया जा रहा है। राहुल और सोनिया गांधी की फोटो को भी फेसबुक पर अपलोड किया जा रहा है। लोग काफी संख्या में लाइक और कमेंट्स कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी

चुनाव पास आते ही समाजवादी पार्टी के नेता भी फेसबुक पर सक्रिय हो गए हैं। फेसबुक का यूज काफी संख्या में नेता करने लगे हैं। प्रदेश और मेरठ की बात करें तो दोनो लेवल पर समाजवादी पार्टी के नाम से फेसबुक पर पेज और अकाउंट खुला हुआ है। फेसबुक फ्रेंडस पार्टी के अकाउंट पर सपा से जुड़ी फोटो टैग करते रहते रहते हैं। लोकल लेवल पर नेताओं ने काफी संख्या अकाउंट बनाया हुआ है। सभी नेता अपने को फेसबुक पर अपडेट रखते हैं।

बहुजन समाज पार्टी

बसपा को सोशल साइट से ज्यादा पुराने तरीके के जनसंपर्क पर ही प्रचार करने का विश्वास है। बीएसपी का राष्ट्रीय स्तर पर फेसबुक पर पेज जरुर बना हुआ है लेकिन फेसबुक अकाउंट नहीं खुला हुआ है। हालांकि लोकल लेवल पर नेताओं ने बीएसपी मेरठ के नाम से अकाउंट खोला हुआ है। मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे शाहिद अखलाक ने फेसबुक पर अकाउंट बनाया हुआ है।

आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी का फेसबुक अकाउंट तो नहीं है, लेकिन लोकल, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पेज बना हुआ है। फेसबुक पर आम आदमी पार्टी भी लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने के लिए बेताब बैठी है।

सोशल मीडिया के दीवाने

सोशल मीडिया के दीवाने हमारे मेरठ के प्रत्याशी भी है। भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र अग्रवाल, बसपा प्रत्याशी शाहिद अखलाक, सपा प्रत्याशी शाहिद मंजूर फेसबुक के माध्यम से खूब प्रचार कर रहे है। नगमा का अभी तक कोई फेसबुक एकाउंट नहीं है, लेकिन फेसबुक पर बने उनके पेज पर लोग खूब लाइक कर रहे हैं।

क्या कहते है ये

फेसबुक प्रचार-प्रसार करने का बहुत अच्छा माध्यम है। कांग्रेस पार्टी का पेज और अकाउंट बना हुआ है। पार्टी के फेसबुक फ्रेंड्स भी हैं। फेसबुक से भी पब्लिक से सीधा हमारा टच होता है।

-मनोज त्यागी

कार्यवाहक जिलाध्यक्ष

कांग्रेस

सोशल मीडिया ने प्रचार के तरीकों में बड़ा बदलाव किया है। फेसबुक के माध्यम से हमारी पार्टी अपने प्रत्याशी और पार्टी का प्रचार कर रही है। ये अच्छा और आसान जरिया है।

-गजेंद्र शर्मा

भाजपा नेता

आज के जमाने में सोशल मीडिया पर हर वर्ग का व्यक्ति है। इसलिए पार्टी हर वर्ग के व्यक्ति तक अपना प्रचार करने के लिए फेसबुक को अपना रही है। फेसबुक ने प्रचार के तरीकों में बड़ा बदलाव ला दिया है।

-गौतम पाल

आम आदमी पार्टी

आज सोशल मीडिया ने हर व्यक्ति के लिए अपनी जगह बना ली है। फेसबुक पर सबसे अधिक लोग होने के कारण चुनाव का प्रचार किया जा रहा है। सभी पार्टियों में फेसबुक में प्रचार को लेकर कॉम्पटीशन चल रहा है।

-परविंद्र सिंह ईशू

सपा यूथ लीडर

फेसबुक पर बसपा ने कोई अकाउंट नहीं बनाया हुआ है। केवल लोकल लेवल पर नेताओं ने अपने अकाउंट खोले हुए हैं।

-भूषण वाधवा

बसपा यूथ लीडर