RANCHI: रांची रेलवे स्टेशन अब खुद से बनाई गई बिजली से जगमग होगा, जिससे न केवल रांची स्टेशन बिजली के मामले में सेल्फ डिपेंडेंट हो जाएगा बल्कि बिजली का बिल भी आधा हो जाएगा। रेलवे बोर्ड ने रांची रेलवे स्टेशन पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की हरी झंडी दे दी है। जल्द ही रांची स्टेशन पर प्लांट लगाने का काम शुरू किया जाएगा। बताते चलें कि रांची को देशभर के 100 मॉडल स्टेशनों में शामिल किया जा चुका है। इसके बाद से स्टेशन का मेकओवर करने का काम तेजी से चल रहा है।

130 केवी का लगेगा सोलर प्लांट

स्टेशन एरिया में इसके लिए जगह चिन्हित की जा रही है। इसके बाद इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जाएगा। जिसके तहत स्टेशन पर 130 किलोवाट का प्लांट लगाया जाएगा। इस प्लांट के लग जाने से रांची डिवीजन को साल भर में करोड़ों रुपए की बचत होगी। वहीं बिजली पर होने वाला खर्च आधा से भी कम हो जाएगा। ऐसे में सेविंग से डिवीजन पैसेंजर्स को और भी बेहतर सुविधाएं मुहैया करा सकेगा।

एलइडी लाइट से भी बचेगी बिजली

स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में डेवलप किया जा रहा है। अब रूफ टॉप सोलर प्लांट लगने से स्टेशन हाइटेक होगा। वहीं एलइडी लाइट से स्टेशन को जगमग किया जा रहा है। अब एलइडी लाइट के लगने से रेलवे को एक ओर जहां कम खर्च होगा। वहीं बिजली की भी बचत होगी। जिसका इस्तेमाल दूसरी जगहों पर किया जा सकेगा। वहीं एक्सेस प्रोडक्शन की स्थिति में बिजली ग्रिड को भेज दी जाएगी।

वर्जन

सोलर प्लांट लगाने की योजना है, जिससे कि रांची स्टेशन के बिजली पर होने वाला खर्च आधा हो जाएगा। अपना प्रोडक्शन होने से हमें दूसरों पर डिपेंड नहीं रहना होगा। और एलइडी लाइट से भी काफी सेविंग होगी। रांची को इको स्मार्ट स्टेशन बनाने का काम भी शुरू हो चुका है। जल्द ही स्टेशन का नया लुक देखने को मिलेगा।

नीरज कुमार, सीपीआरओ, रांची डिवीजन