SITAMADHI/PATNA : सीतामढ़ी के डुमरा थाने के बनचौरी गांव में रविवार की देर रात अपनों ने ही अपनों का खून कर दिया। तीन युवकों ने अपने पिता, सौतेली मां व दो सौतेले भाईयों की गला रेत व गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का कारण लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद बताया गया है।

मृतकों में रामविलास साह, दूसरी पत्नी सुनीता देवी, दो पुत्र भोला साह (25) व राहुल कुमार (22) शामिल थे। मामले में पुलिस ने बिट्टू साह, पप्पू साह व नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है, जो रामविलास साह की पहली पत्नी के पुत्र हैं। पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखा व आठ कारतूस बरामद किए। पिता व एक पुत्र का शव सड़क पर और मां और दूसरे पुत्र का शव घर में बिछावन पर पड़ा था। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।


दस कट्ठा जमीन बनी काल

रामविलास साह ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से तीन पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। दूसरी पत्नी सुनीता देवी से दो पुत्र भोला उर्फ नवल व राहुल थे। पहले पूरा परिवार एक साथ रहता था। बाद में वह दूसरी पत्नी व दो पुत्रों के साथ अलग घर बनाकर रहने लगा। कुछ दिनों पूर्व उसने 10 कट्ठा जमीन खरीदी थी। इसमें चार कट्ठा अपनी दूसरी पत्नी के पुत्रों के नाम कर दिए। रोड किनारे की लगभग डेढ़ कट्ठा जमीन बेचकर नया मकान बना रहा था। यह बात पहली पत्नी के तीनों पुत्रों को नागवार लगी। वहीं पूर्व के बंटवारे में अच्छी व खराब किस्म की जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसे लेकर कई बार पंचायत भी बैठी थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। इन्हीं सब मामलों को लेकर तीनों आरोपितों ने अपने कुछ सहयोगियों से साथ घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी विकास वर्मन, एएसपी अभियान संदीप कुमार नीरज, मुख्यालय डीएसपी राजबंशी सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। वहां का निरीक्षण किया।