RANCHI : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के नायक बस्ती हटिया से एक सात साल की बच्ची को अगवा करने की कोशिश में युवक पकड़ा गया है। आरोपित राजा बाबू रिटायर्ड पुलिसकर्मी का बेटा है। वह पेशे से चालक है। जानकारी के अनुसार रविवार को नायक मोहल्ला की एक सात वर्ष की बच्ची को मुंह दबाकर उठाने की कोशिश कर रहा था। बच्ची के शोर मचाने और आसपास की महिलाओं के देख लेने पर आरोपित ने बच्ची को छोड़ दिया। इसके बाद वहां से भाग निकला।

दोबारा पहुंचा था मोहलले में

बुधवार को दूसरी बार वह उसी मोहल्ले में घूम रहा था। बच्चियों को घूर रहा था। इसी दौरान महिलाओं और बच्ची की दादी ने उसकी पहचान कर ली। फिर महिलाओं ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद जमकर धुनाई कर दी। उसे जगन्नाथपुर पुलिस को सौंप दिया। इस मामले में बच्ची के पिता ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म के लिए अगवा करने की कोशिश को लेकर जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पिटाई से हुआ घायल, भेजा गया रिम्स

पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों की पिटाई से राजा बाबू घायल हो गया। थाना पहुंचने के बाद आरोपित राजा जब परेशान हुआ तो पुलिस उसे लेकर इलाज के लिए रिम्स पहुंची। डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया है। राजा बाबू फिलहाल पुलिस की अभिरक्षा में रिम्स में इलाजरत है।

टॉफी खरीदने गई बच्ची को अगवा करने की कोशिश

राजा बाबू ने नायक बस्ती हटिया चांदनी चौक निवासी सात वर्षीय बच्ची को अगवा की कोशिश की थी। जब बच्ची घर से टॉफी खरीदने के लिए दुकान जा रही थी। 24 जून को दिन के करीब डेढ़ बचे उसे अगवा करने का प्रयास किया गया। महिलाओं की शोर मचाने पर वह अपने मनसूबों में नाकाम रहा।