नई दिल्ली (एएनआई)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने गुरुवार को बॉलीवुड के दो दिग्गज अभिनेताओं ऋषि कपूर और इरफान खान के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उनकी हमेशा याद आएगी। गांगुली ने दोनों दिग्गज को ट्विटर पर श्रद्घांजलि देते हुए लिखा, 'एक जिंदगी मिलती है, इसे खुशी से जियो बाकी कुछ और मायने नहीं रखता..ये एक रिमाइंडर है। आप दोनों की बहुत याद आएगी।'

रहाणे ने भी दी श्रद्घांजलि

भारतीय टेस्ट टीम के वाइस-कैप्टन अजिंक्य रहाणे ने भी सिनेमा जगत के दो महान अभिनेताओं के निधन पर शोक व्यक्त किया। रहाणे ने ट्वीट किया, "पहले इरफान खान जी और अब ऋषि कपूर जी। हम सभी के लिए इस भारी नुकसान के बारे में बहुत दुख की बात है। उनकी आत्मा को शांति मिले।"

दो दिन में दो दिग्गज का निधन

अभिनेता ऋषि कपूर के परिवार ने गुरुवार को उनके निधन पर एक बयान जारी किया जिसमें सभी फैंस और फ्रेंडस से कहा है कि वे चाहते थे कि लोग उन्हें मुस्कराहट के साथ याद करें आंसुओं के साथ नहीं। इसलिए उनको याद करके दुखी ना हों। कपूर परिवार ने कहा कि उनका निधन सुबह 8:45 बजे हुआ। ऋषि कपूर को बुधवार को मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सितंबर 2019 में, एक्टर कैंसर के इलाज के लिए लगभग एक साल तक न्यूयॉर्क में रहने के बाद मुंबई लौटे थे। उन्हें आखिरी बार 2019 की फिल्म 'द बॉडी' में इमरान हाशमी और शोभिता शोभिता धुलिपाला के साथ काम गया था। बता दें भारतीय फिल्म जगत के लिए यह सबसे खराब हफ्ता रहा है। बुधवार को, अभिनेता इरफान खान का निधन हो गया था और अब ऋषि कपूर दुनिया को अलविदा कह गए।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk