-कंट्रोल रूम से ऑपरेट होंगे सीसीटीवी

-चारों गेटों पर सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम

आगरा। दीवानी परिसर में अव्यवस्था को बेहतर करने की कवायद शुरू की जरा रही है। सुरक्षा के लिहाज से मुख्य गेटों पर खामियां देख एसपी सिटी ने नाराजगी व्यक्त की। एसपी सिटी रोहन प्रमोद बोत्रे ने दोपहर करीब दो पुलिस फोर्स के साथ दीवानी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। उन्होंने न्यू आगरा थाना प्रभारी के साथ दीवानी के चारों के गेटों पर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

कंट्रोल रूम से एक्टिव रहेंगे सीसीटीवी

निरीक्षण के दौरान परिसर के चारों गेटों पर लगे सीसीटीवी अव्यवस्थित तरीके से लगे पाए गए। जिसमें से कुछ पहले से खराब पड़े थे। वहीं सीसीटीवी में होने वाली गतिविधियों को ऑपरेट करने के लिए बेहतर व्यवस्था नहीं पाई गई। इससे नाराज एसपी सिटी ने खामियों को दुरुस्त करने के दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

दुरुस्त होंगे मैटल डिटेक्टर

दीवानी परिसर में बिल्डिंग के बाहर लगे मैटल डिटेक्टर की कनेक्टिविटी नहीं मिली। वहां आने वाले लोग मैटल डिटेक्टर को बिना क्रॉस किए ही अंदर प्रवेश कर रहे थे। इस तरह की अव्यवस्था से कभी-भी अनहोनी की आशंका व्यक्त की जा सकती है। रोहन बोत्रे ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्वाइंट पर सुरक्षाकर्मी रखने को कहा। इसके साथ ही मुख्य गेट पर अव्यवस्थित लगे बैरीकेडिंग्स को सही स्थान पर लगाने के निर्देश दिए।

पूर्व में भाग चुके हैं कैदी

दीवानी परिसर में पूर्व में कैदियों के भागने के मामले सामने आ चुके हैं। हालही में एक महिला अधिवक्ता की गोलीमार कर हत्याकर दी गई थी। वहीं पुलिस को गच्चा देकर खूंखार कैदी भागने में कामयाब हो चुके है। घटना की पुनरावृति को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

वर्जन

दीवानी परिसर का आज जायजा लिया गया, जहां सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर, बेरिकेडिंग्स अव्यवस्थित मिले। इसके साथ ही चारों गेटों पर सुरक्षा के इंतजामों में खामियां मिलीं। उन्हें बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।

रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी सिटी