RANCHI : राजधानी का मौसम पल-पल बदल रहा है। दिन में धूप और शाम ढलते सिहरन और कुहासा। मंगलवार को भी दिनभर ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। जिसकी वजह से शाम होते ही सिहरन शुरू हो गई। पंद्रह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवा शाम और रात में ज्यादा परेशान कर रही है। उत्तर-पश्चिम में हो रहे साइक्लॉनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी में हो रहे वेस्टर्न डिस्टरवेंस की वजह से दोपहर के बाद हवा की रफ्तार तेज हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आकाश साफ रहेगा। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट आई जिससे शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री हो गया। बुधवार को भी रांची का मौसम लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी।

विंटर कैंप में बच्चों का धमाल

नन्हे कदम प्ले स्कूल में इन दिनों विंटर कैंप चल रहा है, जिसमें बच्चे जमकर धमाल मचा रहे हैं। 3 जनवरी से शुरू हुए इस कैंप का समापन 10 जनवरी को होगा। बच्चों को डांस, भजन, क्राफ्ट मेकिंग, पेंटिंग, ड्राइंग, फन, गेम्स सहित कई एक्टिविटीज कराई जा रही है। स्कूल की डायरेक्टर विभा सिंह ने कहा कि बच्चों की छुट्टियों को सार्थक बनाने के लिए इस तरह का कैंप लगाना जरूरी है, जहां मस्ती के साथ-साथ बच्चे बहुत कुछ सीखते हैं।

वैष्णवी शिव राम सेवा संस्थान का समारोह एक फरवरी से

वैष्णवी शिव राम सेवा संस्थान, गेतलातू के तत्वावधान में 30 जनवरी से 1 फरवरी तक तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को श्री वैष्णवी शिव राम सेवा संस्थान में कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। सचिव रंजीत कुमार ने बताया कि, इसकी शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। वहीं अखंड रामधुन, श्री हनुमत आराधना एवं देवी आराधना, माता का महाभिषेक, महाश्रृंगार, कन्या पूजन, छप्पन भोग और सामूहिक हवन भी किया जाएगा।