25 नवंबर को 181 सदस्यीय दल के साथ बौद्ध परिपथ घूमने आया था प्रियादास

सर्दी-जुखाम से था पीडि़त, केंद्र सरकार को भेजी गई सूचना, श्रीलंका भेजा जाएगा शव

kaushambi@inext.co.in

KAUSHAMBI(27Nov):

बौद्ध परिपथ में शामिल कौशांबी घूमने आए श्रीलंका के तीर्थ यात्री की मौत हो गई। वह लोग 181 सदस्यीय दल के साथ यहां आया था। तीर्थ यात्री के साथ रहे लोगों की माने तो वह पिछले कुछ दिनों से सर्दी-जुखाम से परेशान था। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला प्रशासन की तरफ से भारत सरकार को खबर कर दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को श्रीलंका भेजा जाएगा।

श्रीलंका मंदिर में ठहरे थे

श्रीलंका से 181 सदस्यीय दल आठ नवंबर को भारत आया था। चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सारे लोग बसों से बौद्ध परिपथ पर घूमने के लिए निकले थे। अजंता-अलोरा, भोपाल, दिल्ली और श्रावस्ती में घूमने के बाद टीम 25 नवंबर की शाम कौशांबी आई थी। यहां पर सारे लोग श्रीलंका मंदिर कौशांबी में ठहरे हुए थे। टीम में शामिल प्रियादास (73) को पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुखाम था। प्रियादास का इलाज स्थानीय एक चिकित्सक से कराया जा रहा था। गुरुवार की दोपहर अचानक प्रियादास की हालत बिगड़ गई। साथी इलाज के लिए उसे ले जाते, इससे पहले उसकी सांसें थम गई।

बोध गया से श्रीलंका ले जाएंगे शव

घटना की जानकारी पर पहुंची कौशांबी थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम हो गया है। प्रियादास के साथ रहे लोगों का कहना है कि शव यहां से बोध गया ले जाया जाएगा। इसके बाद प्लेन से शव अंतिम संस्कार के लिए श्रीलंका भेजा जाएगा।

- प्रियादास की मौत स्वाभाविक है। पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मौत की सूचना भारत सरकार को दे दी गई है।

डॉ। के एजिलरसन एसपी कौशांबी