- सदर सांसद ने लगाया प्रदेश सरकार व प्रशासन पर आरोप

- अन्य विरोधियों पर भी साधा जमकर निशाना

GORAKHPUR: केंद्र सरकार की गोरखपुर में एम्स बनाने की मंशा साफ है पर प्रदेश सरकार और उसके नुमाइंदे इसमें रुकावटें डाल रहे हैं। ये बातें शनिवार को सदर सांसद योगी आदित्यनाथ ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहीं। इस दैरान उन्होंने सपा और स्थानीय प्रशासन पर कार्यदायी कंपनी का सहयोग ना करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी को इस कार्य का टेंडर मिला है। दस दिन पहले कुछ कर्मचारी बाउंड्री निर्माण करने आए थे, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें साइट तक पहुंचने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने एम्स के लिए 1600 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं। इसके बावजूद अखिलेश यादव जहां केवल झूठे वादे कर रहे हैं वहीं प्रशासन सहयोग की जगह कार्य में रोड़े अटका रहा है।

नितीश और कांग्रेस पर भी कसे तंज

इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के गंगा प्रेम पर उठे सवाल पर योगी ने उन पर खूब तंज कसे। उन्होंने कहा कि नितीश बिहार की चिंता करें। वहां डेली लूट और हत्या जैसे अपराध हो रहे है। यहां तक कि पत्रकार भी बिहार में सुरक्षित नहीं हैं। ऐसे प्रदेश का मुख्यमंत्री गंगा की सफाई की जिम्मेदारी लेने की बात कह रहा है। उन्हें चाहिए कि वे पहले बिहार की सफाई करें। वहीं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मामले पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एनआई जांच में स्पष्ट है कि किस तरह भगवा आतंकवाद के नाम पर देश को गुमराह किया गया। कांग्रेस को इस कृत्य के लिए देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।