- नगर निगम की ओर से की जा रही प्लानिंग

- स्मार्ट सिटी बनाने के लिए बनाई जा रही योजना

GORAKHPUR: प्रदेश सरकार ने सात शहरों को स्मार्ट सिटी की सुविधाएं देने के लिए चुना है। इसमें गोरखपुर भी शामिल है। जिन शर्तो को स्मार्ट सिटी के लिए अनिवार्य किया गया है उसे पूरा करने के लिए नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। दो दिन पहले सीएम ने स्मार्ट सिटी बनाने के लिए गोरखपुर नगर निगम को 25 करोड़ रुपए दिए हैं। हालांकि जिन मानकों पर स्मार्ट सिटी घोषित करने की कवायद चल रही है उसमें कई काम चल रहे हैं। अब आगे के काम के लिए सरकार की ओर से योजना बनाई जा रही है। जो बजट मिला है उसमें सामान्य विकास का कार्य किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के अफसर खाका तैयार कर रहे हैं। जो भी कमियां हैं उन्हें दूर कर स्मार्ट सिटी की प्लानिंग की जा रही है।

दो सुविधाओं को लेकर है मुश्किल

बता दें, पिछली बार नगर विकास विभाग ने स्मार्ट सिटी के लिए कई शर्तो को जोड़ा था। जिसे पूरा करने के लिए पहली किस्त के रूप में 50 करोड़ रुपए गोरखपुर को देने की बात कही है। गोरखपुर नगर निगम दो सुविधाओं को लेकर मुश्किलों में है। पहला सीवर लाइन और दूसरा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट। जल निगम शहर के पांच फीसदी इलाके में सीवर लाइन बिछा रहा है जिस पर करीब 80 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। पृरे शहर में सीवर लाइन को लेकर जल निगम ने जो प्रपोजल तैयार किया है उसके मुताबिक 2000 करोड़ रुपए खर्च होंगे। 2009 तक नगर निगम ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का काम शुरू किया था लेकिन दस साल बाद भी यह कवायद शुरूआती स्तर पर ही लटकी है। कंपनी आई और भाग गई तो कभी शासन स्तर पर मामला फंसा। अब इस काम को रफ्तार देने के लिए अफसरों ने कवायद शुरू कर दी है। उधर शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए शासन की ओर से 25 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। जल्द ही स्मार्ट सिटी की दिशा में कार्य शुरू हो जाएगा।

नगर निगम जल्द ही तैयार करेगा खाका

स्मार्ट सिटी बनाने के लिए नगर निगम ने खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। उधर शहर में कई जगहों पर जोरों से विकास कार्य तेजी के साथ चल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो नगर निगम ने स्मार्ट सिटी बनाने की कवायद शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि राज्य स्तर पर इसकी योजना बनाई जा रही है।

वर्जन

शासन की तरफ से दो दिन पहले 25 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। सीएम शहर की जरूरतों को समझ रहे हैं। स्मार्ट सिटी के लिए जो मानक रखे गए हैं, उनमें से कई कार्य हो रहे हैं। सीवर लाइन और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की सुविधा भी जल्द शहर के लोगों को मिलेगी।

- सीताराम जायसवाल, मेयर