-बारादरी की चंद्रगुप्त पुरम कालोनी में 18 महीने की बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत

-पिता ने सौतेली मां पर ही गला दबाकर हत्या का लगाया आरोप, पुलिस कर रही जांच

BAREILLY: 18 महीने की बच्ची की देखरेख के लिए एक पिता उसके लिए शादी कर दूसरी मां लाया लेकिन उसे क्या पता था कि यही मां उसकी मासूम बच्ची की जान ले लेगी। सैटरडे को बारादरी थाना की चंद्रगुप्त पुरम कालोनी में 18 महीने की बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिता ने सौतेली मां पर ही गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है क्योंकि घर में मां ही अकेली मौजूद थी। वह मृत बच्ची को गोद में लेकर थाना पहुंचा जहां से पुलिस ने उसे घर भेज दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

घर पर अकेली थी सौतेली मां

मूलरूप से आरा बिहार मोहित, चंद्रगुप्त पुरम कालोनी सतीपुर में रहता है। वह पेंटिंग का काम करता है। उसके घर में दादी मंगली देवी, दूसरी पत्‍‌नी रिंकी, छोटा भाई अनिल रहता है। उसकी पहली पत्‍‌नी रानी से 18 महीने की बच्ची रजनी है। उसकी दादी फतेहगंज पूर्वी में शादी समारोह में शामिल होने गई थीं और भाई बिहार में शादी समारोह में गया हुआ था। जिसके चलते सैटरडे को घर पर वह, रिंकी और रजनी ही रह गए थे। वह चार दिन से वह काम पर भी नहीं गया था।

फोन पर दी मौत की सूचना

मोहित ने बताया कि वह सैटरडे को बारिश रुकने के बाद काम पर गया था। उसने रिंकी से कहा था कि वह बच्ची को नहलाकर दूध पिला दे। उसने बताया कि करीब पौने 12 बजे रिंकी ने फोन कर बताया कि रजनी की मौत हो गई है। जिसके बाद वह तुरंत घर पहुंचा तो बेटी को मृत पाया। वह उसे हॉस्पिटल लेकर भी दौड़ा लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। जिसके बाद वह बच्ची को थाना लेकर गया। रजनी की मौत की खबर सुनकर दादी भी पहुंची और फूट-फूटकर रोने लगी। उन्होंने भी रिंकी को ही मौत के लिए जिम्मेदार बताया क्योंकि रिंकी कभी भी बच्ची की देखरेख नहीं करती थी। रजनी उनके पास ही रहती थी।

रिंकी के रोने पर भी खड़े हो रहे सवाल

वहीं रिंकी भी बच्ची की मौत के बाद फूट-फूटकर रो रही थी। शायद उसे भी बच्ची की मौत का गम था लेकिन कोई उस पर भरोसा करने को तैयार ही नहीं है। रिंकी ने बताया कि उसने रजनी को नहलाने के बाद कपड़े पहनाए और पंखे के नीचे लिटा दिया। जिसके बाद वह किचन में दूध गर्म करने चली गई। तभी रजनी की चीख सुनाई दी तो वह कमरे में गई तो रजनी कांप रही थी और उसके मुंह बंद हो गया था। उसने हाथ से मुंह खोलने की भी कोशिश की। लेकिन परिजनों ने उससे सवाल किया कि उसने बच्ची की तबीयत खराब होने पर शोर क्यों नहीं मचाया और उसे बाहर डॉक्टर के पास क्यों नहीं ले गई। इसी से उस पर शक है।

मोहित की उजड़ गई दुनिया

बच्ची की मौत के बाद मोहित पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। या फिर यूं कहें कि उसकी दुनिया ही उजड़ गई है। क्योंकि अब उसका कोई भी अपना नहीं बचा है। मोहित ने बताया कि उसके बेटे कुनाल की जुलाई 2015 में नाले में डूबने से मौत हो गई थी। उसकी पहली पत्‍‌नी रानी को सांस की बीमारी थी, जिसकी 10 दिसंबर को मौत हो गई थी। उसने दो महीने पहले बिहार की रहने वाली रिंकी से शादी की ताकि उसकी बच्ची की देखरेख हो सके लेकिन अब रिंकी ने उसकी बेटी को छीन लिया। मोहित के साथ हुई घटना के बाद मोहल्ले वाले भी काफी परेशान हैं।

बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। पिता ने सौतेली मां पर ही शक जाहिर किया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एमपी सिंह, प्रभारी थाना बारादरी