- सुधार गृह के किशोरों ने तारीख पर आए दो किशोरों को पीटा

- घायल हुए किशोर को नौचंदी पुलिस ने कराया अस्पताल में भर्ती

Meerut: मेरठ के बाल सुधार गृह परिसर में शुक्रवार को फिर जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। पेशी पर आए दो किशोरों और बाल कैदियों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। सुधार गृह के किशोरों के पथराव में एक कार सवार भी चपेट में आ गया। पुलिस ने पहुंच कर किसी तरह किशोरों को काबू किया और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। आसपास के इलाके में भी बाल सुधार गृह के किशोरों का आतंक कायम है।

क्या है मामला

भावनपुर के गांव नंगला साहू के दो किशोर छेड़छाड़ के आरोप में बाल सुधार गृह भेजा गया था। जमानत के बाद शुक्रवार को दोनों की बाल सुधार गृह में ही तारीख थी। बाल संप्रेक्षण गृह की इमारत की खिड़कियों से किशोरों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पेशी पर आए दोनों युवकों ने भी जवाब में गाली-गलौच की। इसके बाद बाल सुधार गृह के एक किशोर अपने साथ क्0,क्भ् किशोरों को नीचे लेकर आया और पेशी पर आए दोनों किशोरों को पीटना शुरू कर दिया। वहां खड़े कार सवार लोगों ने हस्तक्षेप किया तो उनकी भी पिटाई की और कार के शीशे तोड़ दिए। पेशी पर आए एक किशोर के सिर में ईट लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा भाग गया। नौचंदी एसओ विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावर किशोरों को अंदर पहुंचाया।

पुलिस से हुई धक्कामुक्की

इस बीच किशोरों ने पुलिस से भी धक्कामुक्की करते हुए गाली गलौच कर दी। घायल को डॉक्टरी के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन दहशत के मारे कार सवार वहां से जा चुके थे, जिनका कोई पता नहीं चल सका। सुधार गृह के नाला पार और आसपास रहने वाले लोगों ने भी पुलिस से कहा कि किशोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। इस पर अंकुश जरूरी है। फिलहाल वहां पुलिस तैनात कर दी गई है। एसओ विनोद कुमार सिंह का कहना घायल की ओर से तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज करेंगे। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।