बतासा मंडी में कारोबारी ने जहरीला पदार्थ खाकर किया सुसाइड

ALLAHABAD: बतासा मंडी में रहने वाले कारोबारी ने गुरुवार को पत्‍‌नी द्वारा शराब पीने से मना करने पर गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने इलाज के लिए एसआरएन हॉस्पिटल में एडमिट कराया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

अक्सर होती थी नोकझोंक

मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र का बतासा मंडी निवासी पप्पू बतासा बनाता था। वह शराब का आदी था। इसे लेकर पत्‍‌नी से अक्सर झगड़ा व मारपीट होती थी। मंगलवार शाम भी इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ तो पप्पू नाराज हो गया। उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने काल्विन अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार को सुधार हुआ तो पप्पू को घर ले आए। इसके बाद बुधवार को फिर तबियत ज्यादा खराब हुई तो स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर मुट्ठीगंज संतोष त्यागी का कहना है कि शराब के कारण परिवार में विवाद होता था। इसी कारण कारोबारी ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दी है।

सजायाफ्ता कैदी की मौत

कैंसर से पीडि़त फैजाबाद निवासी सजायाफ्ता कैदी राम प्रताप उर्फ राम सागर उर्फ केशरी (86) की कमला नेहरू अस्पताल में मौत हो गई। कर्नलगंज पुलिस के मुताबिक राम प्रताप पर लूट और हत्या का आरोप था। गोंडा जिले की अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। कई साल पहले उसे नैनी जेल स्थानांतरित किया गया। इसके बाद वह कैंसर का मरीज हो गया। मौत की जानकारी मिलने पर गुरुवार को पत्‍‌नी सुशीला व बेटा विजय पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।