-दस दिन के भीतर मांगी एसएसपी से प्रगित रिपोर्ट

-थाना प्रभारियों को मिले कार्यवाई के दिशा निर्देश

आगरा। आईजी के सख्त तेवर से सटोरियों में खलबली की स्थिति है। एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कार्रवाई की समय सीमा निर्धारित भी की है। दिवाली पर्व आने से पहले शहर और देहात में जुआरी, सटोरिए सक्रिय हो जाते हैं। इससे आपराधिक घटनाओं में भी इजाफा होता है।

75 सटोरियों की सौंपी लिस्ट

शहर और देहात में सक्रिय जुआरी और सटोरियों को चिन्हित करने का कार्य चल रहा था। इसमें से अधिकतर पेशेवर हैं, जबकि कुछ नए सटोरिए हैं। वर्तमान में शहर में तेजी से जुआ और सट्टा फलफूल रहा है। अधिकारियों द्वारा बड़े सटोरियों पर शिकंजा कसने का कार्य किया जा रहा है। शहर में सक्रिय ऐसे 75 बड़े सटोरियों पर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

थानाध्यक्षों को दिया समय

जिन थाना क्षेत्रों में सबसे अधिक सट्टा व जुआ फलफूल रहा है। उन क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को एसएसपी बबलू कुमार द्वारा कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए दस दिन का समय दिया गया है। तय समय पर सटोरियों पर कार्रवाई करनी होगी। इसके साथ ही लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों से जबाव तलब किया जाएगा।

सट्टेबाजों ने बदले अपने स्थान

पुलिस की सख्ती को देख सक्रिय सट्टेबाजों ने भी अपने स्थान बदल दिए हैं। सूत्रों का कहना कि पर्व से पहले करोड़ों रुपए का करोबार होता है। अगर इस दौरान इस कार्य को पूरी तरह बंद कर दिया जाए तो बड़ा नुकसान होगा। बड़े सटोरियों द्वारा छोटे नौसिखिए सटोरियों से कार्य कराया जा रहा है, जबकि वह खुद सुरक्षित जोन में हैं। दोपहर बाद ही आईजी सतीश गणेश के आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रस्तावित कार्रवाई सार्वजनिक होने की स्थिति में सटोरियों ने बचने का विकल्प तलाश लिया है।

चैकिंग में तीन जुआरी गिरफ्तार

आगरा। इरादत नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को चैकिंग के दौरान तीन जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से ताश के पत्ते और नकदी बरामद की है। सबइंस्पेक्टर कुलदीप कुमार ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई की गई। पकड़े गए युवक राजेन्द्र, लाखन और हितेन्द्र हैं। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह दिवाली पर्व पर सक्रिय हो जाते हैं।