RANCHI : सरकारी नौकरी करने वाले राजस्व कर्मचारी स्टूडेंट्स के लिए विलेन बन रहे हैं। पिछले 13 दिनों से इनके हड़ताल पर रहने के कारण तमाम छात्रों का कॅरियर दांव पर लग गया है। कार्यालयों में कर्मचारियों की मौजूदगी न होने से स्टूडेंट्स का स्थानीय प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। और झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (जेएसएससी) की परीक्षा के लिए आवेदन के साथ स्थानीय प्रमाण पत्र लगाना जरूरी है। अब स्टूडेंट्स परेशान हैं कि प्रमाण पत्र नहीं बनेगा तो आवेदन कैसे देंगे। इसके लिए वे हर अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। हड़ताल ने इसके अलावा भी कई जरूरी कामकाज पर असर डाला है। बर्थ और डेथ सर्टिफिकेट के साथ ही जमीन का म्यूटेशन भी करा पाना मुश्किल हो रहा है।

तो फॉर्म भरने से होंगे वंचित

राजस्व कर्मचारी अपनी मांगों को पिछले 13 दिन से हड़ताल पर हैं। इसी बीच जेएसएसीसरी की ओर से सचिवालय सहायक के लिए 1200 पदों के लिए वैकेंसी निकाली गयी है। इस परीक्षा के लिए आवेदन भरने के लिए साथ में स्थानीय प्रमाण पत्र भी देना है। लेकिन बहुत सारे छात्रों के पास प्रमाण पत्र ही नहीं है, इस कारण इसे बनवाने के लिये वे भटक रहे हैं। वहीं जेएसएससी की ओर से आवेदन करने का समय तय है। जबकि नॉर्मल प्रमाण पत्र बनने में एक महीने का समय लग जाएगा, ऐसे में बहुत सारे छात्र एप्लीकेशन भरने से वंचित रह जाएंगे।

म्यूटेशन भी बाधित

वहीं रूरल इलाकों के लोग बर्थ व डेथ सर्टिफि केट बनवाने के लिए कार्यालयों की दौड़ लगा रहे हैं। लेकिन, पिछले 13 दिनों से राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। जमीन का म्यूटेशन कराने के लिए भी लोग भटक रहे हैं।

जमीन संबंधी काम भी ठप

राजस्व कर्मचारी ही जमीन से संबंधित जितने भी कार्य होते हैं उसको करते हैं। लेकिन कोई काम नहीं हो पा रहा है। लोग अंचल कार्यालय में जा रहे हैं और लौट जा रहे हैं। साथ ही जितने भी तरह के प्रमाण पत्र हैं वह भी नहीं बन पा रहे हैं। अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के कारण लोगों को और परेशानी हो रही है।

हो रही खासी परेशानी

राजस्व कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से भूमि एवं विभिन्न प्रमाणपत्र बनाने संबंधी कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया है। लोग जाति, निवास, आय आदि प्रमाण पत्रों को बनवाने के लिए भटक रहे हैं। हड़ताल के कारण छात्र-छात्राओं के प्रमाण पत्रों से संबंधित आवेदन लॉगिन में ही लंबित पड़े हुए हैं।

वहीं प्रमाण पत्रों के सत्यापन के अलावा दाखिल खारिज, परमिशन, भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र और भूमि से संबंधित जांच प्रतिवेदन का कार्य भी प्रभावित हुआ है क्योंकि राजस्व उप निरीक्षकों के लॉग इन से पास करने के बाद अंचल निरीक्षक और फिर सीओ के लॉग इन से पास होने के बाद ही ये कार्य होता है।

वर्जन

राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर हैं। लेकिन सीआई को कर्मचारियों का चार्ज देकर काम करा रहे हैं। लोगों को परेशानी ना हो इसके लिए देर तक रुक के काम किया जा रहा है।

दिलीप कुमार, सीओ हेहल

अंचल कार्यालय में प्रमाण पत्र बनाने के लिए लोगों को परेशानी न हो, इसके लिये देर तक काम किया जा रहा है। राजस्व कर्मचारी के हड़ताल पर जाने के कारण अन्य कार्यो को भी निबटाने के लिए पूरा प्रयास चल रहा है।

प्रकश कुमार, सीओ रांची सदर