-स्टैंड पर खड़ी चोरी की बाइक को लेने पहुंचा था, पुलिस ने दबोचा, कहा पर्ची एक ठेकेदार ने दी थी

-पर्ची थमाने के वाले की पुलिस कर रही तलाश

ALLAHABAD: गर्ल फ्रेंड के चक्कर में बेली का रहने वाला 16 साल का इंटर का स्टूडेंट बुरा फंस गया। गर्ल फ्रेंड को घुमाने के लिए उसे एक बाइक की दरकार थी तो मोहल्ले का एक युवक 'मसीहा' बनकर सामने आया। कहा कि परेशान न हो। जाओ जंक्शन स्टेशन के साइकिल स्टैंड पर पैशन बाइक खड़ी है, जब तक जरूरत हो उसे अपने साथ रखे। स्टूडेंट खुश होकर पर्ची लेकर स्टैंड पर पहुंचा और बाइक को खोजने लगा। बाइक तो मिली नहीं लेकिन पुलिस ने उसको धर लिया। जिस बाइक को स्टूडेंट खोज रहा था, वह चोरी की थी। कोई बाइक को लेने आएगा, यह जानते हुए पुलिस ने पहले से फिल्डिंग लगा रखी थी। अब पर्ची थमाने वाले की तलाश रही है।

कैंट से चोरी हुई थी बाइक

जिस बाइक के चक्कर में स्टूडेंट पुलिस के चंगुल में फंसा, वह चोरी की थी। बाइक को कैंट एरिया से चुराया गया था और वह स्टैंड पर खड़ी कर दी गई थी। बाइक को मालिक ने ही खोज निकाला। उसने पुलिस को खबर दी तो बाइक को उठवा लिया गया। बाइक को मालिक ले गया लेकिन पुलिस ने चोर का पीछा नहीं छोड़ा। पुलिस ने स्टैंड पर पहले से फिल्डिंग लगा रखी थी। गुरुवार रात जब वह स्टैंड पर बाइक लेने पहुंचा तो ठेकेदार ने सिविल लाइंस थाने की पुलिस को खबर दे दी।

बेली के ठेकेदार ने दी थी पर्ची

स्टूडेंट को पर्ची बेली के रहने वाले नगर निगम के ठेकेदार ने दी थी। स्टूडेंट का कहना है कि वह ठेकेदार को पहले से जानता था। उसके पिता के पास महेंद्रा एसयूवी भी है। अक्सर वह चौराहे पर मिलता था। गुरुवार को उसकी गर्ल फ्रेंड मिलने के लिए आई थी। वह सिविल लाइंस में पत्थर गिरजाघर के पास थी। उसको गर्ल फ्रेंड को घुमाने के लिए बाइक की जरूरत थी। उसने यह बात ठेकेदार को बताई तो उसने हमदर्दी दिखाते हुए पर्ची थमा दी। पुलिस शुक्रवार को उसको लेकर ठेकेदार के घर भी पहुंची लेकिन वह नहीं मिला। बाइक चोरी गैंग से भी उसका संबंध हो सकता है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस महेश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।