छात्र का शव लटका देख फैली सनसनी, शव पोस्टमार्टम को भेजा

साथी ने देखा, मौके पर नहीं मिला सुसाइड नोट

आगरा। एमएम गेट में बी फार्मा प्रथम वर्ष के छात्र का शव लटका मिला। शव मिलते ही सनसनी फैल गई। मौके पर सुसाइड नोट न मिलने पर फांसी की वजह साफ नहीं हो सकी। पुलिस ने परिजनों को सूचना कर दी है। परिजनों के आने पर ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।

साथी के साथ रहता था

मूल रूप से फतेहपुर निवासी 20 वर्षीय सवाजीत पुत्र राम कुमार यहां बी फार्मा प्रथम वर्ष का छात्र था। वह अपने साथी विजय के साथ मोती कटरा, हनुमान गली में किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार की दोपहर साथी विजय घर आया तो कमरा अंदर से बंद था। उसने कई बाद दरवाजा खटखटाया पर नहीं खुला। उसने खिड़की से झांक कर देखा तो सवाजीत फंदे पर झूल रहा था। इसके बाद मकान मालिक और अन्य को इसकी जानकारी हुई।

मौके पर नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छानबीन में पता चला कि सवाजीत सुबह से किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था पर किससे ये पता नहीं चला है। पुलिस को उसका मोबाइल मिला है लेकिन उसमें लॉक लगा हुआ है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। पुलिस ने परिजनों को सुसाइड की सूचना दी है।

झगड़ा कर महिला फंदे पर झूली

थाना सिकंदरा, केके नगर, महादेव मंदिर निवासी 32 वर्षीय रूपा पत्‍‌नी राजू ने बुधवार को फांसी का फंदा बना कर जान दे दी। मामले के मुताबिक रूपा की शादी को दस साल हुए थे। उसकी देवरानी से उसका झगड़ा होता था। बुधवार की सुबह भी झगड़ा हुआ था। इस पर रूपा ने फांसी लगा कर जान दे दी।