पटना (ब्यूरो)। Patna News: हत्या के बाद शव को दीघा में गंगा किनारे ईट भट्ठा के पास फेंक दिया। मंगलवार की सुबह उसका शव मिला। इसके बाद मृतक के घर वाले और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। घटना की खबर मिलने के बाद पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे, इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। एएसपी लॉ एंड ऑर्डर स्वर्ण प्रभात ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।

बोला था, कुछ देर में आ रहा हूं

रोहित के पिता टेंट की दुकान में काम करते है। तीन भाइयों में वह सबसे छोटा था। उससे बड़े भाई राजन और मुकुल कुमार हैं। स्वजनों ने बताया कि रोहित रोज की तरह सोमवार की रात करीब 10 बजे अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था। उसके मोबाइल पर रात करीब साढ़े दस बजे किसी का फोन आया। दूसरे कमरे में पढ़ रहे भाई को उसने बोला कि एक फोन आया है, अभी कुछ देर में लौट कर आ रहा हूं। इतना कहकर वह घर से निकल गया। रात करीब 11 बज तक नहीं लौटा। तब उसके भाई ने फिर रोहित को फोन किया। बोला कि बस लौट रहा हूं। लेकिन, वह घर नहीं आया। बड़े भाई ने फिर रोहित को फोन किया, लेकिन इस बार फोन रिसीव नहंी हुआ। करीब चार बार उसने रोहित के मोबाइल पर फोन किया, इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजन परेशान हो गए और आसपास उसकी तलाश में जुट गए। उसके दोस्तों को फोन किया, लेकिन किसी ने कोई जानकारी नहीं दी।

सिर में मारी गोली, पैर पर जख्म के निशान

रोहित के स्वजन पूरी रात उसे ढूंढ़ते रहे लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह के करीब छह बजे दीघा लिंक रोड पर गंगा किनारे स्थित ईट भट्ठा से कुछ दूरी आगे किसी ने किशोर का शव देखा। उसने पुलिस को इस बात की खबर की। थोड़ी देर में यह सूचना आसपास के लोगों को हो गई। रोहित के घर वालों को भी सूचना मिली कि किशोर का शव मिला है। पुलिस के साथ स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। स्वजनों ने उसकी पहचान रोहित के रूप में की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छात्र के पैर पर गहरे जख्म थे। उसके माथे में गोली लगी थी। पुलिस की मानें तो अपराधियों ने विश्वास में लेकर रोहित को बुलाया और फिर पिस्टल उसके माथे में सटाकर गोली मार दी।

दो दोस्त से हो रही पूछताछ

छात्र की हत्या के बाद स्थानीय लोग और स्वजन शव लेकर पोल्सन मोड़ के पास पहुंचे। दानापुर से गांधी मैदान की तरफ जाने वाले मार्ग पर टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया। सुबह नौ बजे से दिन के 11 बजे तक रास्ता जाम रखा। पुलिस रोहित के मोबाइल की तलाश में जुटी है। उसके मोबाइल का कॉल डिटेल खंगाल रही है। सूत्रों की मानें तो रोहित के दो दोस्तों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसमें एक वेटर का काम करता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की बात आ रही है। पुलिस को शक है कि लड़की के विवाद में दोस्तों या किसी करीबी ने ही उसकी हत्या की है। पुलिस फिलहाल सीडीआर रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि स्पष्ट हो सके कि आखिरी बार रोहित को किसने कॉल की थी।

patna@inext.co.in