45 लाख रुपए का चूना लगाया
ranchi@inext.co.in
RANCHI: चुटिया पुलिस ने 54 लाख ठगी के आरोपी अपीयर फ्यूचर सॉल्यूशन कंपनी के जिन दो संचालकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, उन लोगों ने झारखंड पुलिस में पदस्थापित दारोगा को भी 45 लाख रुपए का चूना लगाया है। यह दारोगा भी उनलोगों की तलाश कर रहा है। वर्तमान में यह दारोगा पूर्वी सिंहभूम में पदस्थापित है। पहले रांची जिले में ही पोस्टेड था।

सीबीआई में भी है मामला दर्ज
दोनों संचालकों पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा निवासी रूप कुमार सिंह व जमशेदपुर के अनिल कुमार पर सीबीआई में भी मामला दर्ज है। इसकी जानकारी मिलने पर चुटिया पुलिस ने सीबीआई एसपी को पत्र लिखकर मामले की जानकारी मांगी है, ताकि अनुसंधान में मदद मिल सके।

क्या है मामला
गौरतलब हो कि दोनों के खिलाफ धुर्वा निवासी डेजी प्रतिमा एक्का, मुक्ति प्रकाश तिर्की, कलेप कुमार सोय, नेल्सन पूर्ति, अजीत केरकेट्टा, मनोज कुमार बाखला सहित अन्य ने 54 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कहा गया था कि कंपनी ने 20 महीने में दोगुनी रकम लौटाने का सब्जबाग दिखाकर उनसे ठगी कर ली है। भोले-भाले गरीब लोगों ने उनके झांसे में आकर रुपए इंवेस्ट कर दिया। दोनों संचालक सहित अन्य लोग रांची आकर होटल में रहते थे। यहीं ठगी की तैयारी होती थी।

विक्टिम लोगों ने ही पकड़वाया था
ठगी शिकार लोग दोनों की रेकी कर रहे थे। इसमें मानवाधिकार कार्यकर्ता सुनील किस्पोट्टा भी थे। उन्हें दोनों के रांची पहुंचकर होटल में रूकने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने चुटिया पुलिस को सूचना दी थी। चुटिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को दबोच कर थाने ले आई थी। चुटिया थाना के इंस्पेक्टर अनिल कुमार कर्ण ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।