-जंक्शन पर टेंपो सवारों को मिली थी महिला, साथ में पी शराब, दो हत्यारे हिरासत में

-शुरुआती पूछताछ में बताया कि गाली-गलौज के बाद आरी ब्लेड से गला काटा

BAREILLY: सिठौरा में खेत में महिला की गला काटकर हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस ने शक के आधार पर दो हत्यारोपियों को हिरासत में लिया है और तीसरे की तलाश कर रही है। तीनों ने मिलकर महिला के साथ शराब पी थी और फिर उसका आरी ब्लेड से गला काट दिया था। देर रात महिला की पहचान सीबीगंज के जोगीठेर निवासी लता के रूप में हुई थी। महिला के परिजनों ने गलत कैरेक्टर का होने के चलते उससे किसी तरह का रिश्ता न रखने की बात कही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में लगी थी और जल्द पूरी वारदात का खुलासा करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला रेतकर हत्या आया है। शरीर पर 4 से 5 चोट के निशान मिले हैं और उससे पहले गला भी दबाया गया था। रेप की बात सामने नहीं आयी है फिर भी स्लाइड बनायी गई है। वहीं फॉरेंसिक जांच में भी दूसरी जगह मिला खून जानवर का ि1नकला है।

परिवार से अलग रहती थी महिला

बता दें कि संडे सुबह सिठौरा-सराय तल्फी रोड पर महिला की नग्न लाश मिली थी। महिला का गला कटा हुआ था और आसपास कपड़े बिखरे हुए थे। दिन में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से संपर्क किया था। एक शख्स ने महिला के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम राजीव कॉलोनी गली नंबर 10 में पहुंची थी। यहां पर उसके बेटे श्यामू और अमित के पास पहुंची थी। पुलिस को अमित ने बताया कि उसकी मां का नाम लता सिंह है। वह पहले जोगीठेर सीबीगंज में रहते थे। उसके पिता सुरेश सिंह की 20 वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। उसकी मां की उम्र करीब 50 वर्ष है। पिता की मौत के बाद मां ताऊ के साथ रही थीं लेकिन बाद में उनकी भी मौत हो गई थी। करीब 10 वर्ष पहले उसकी मां रुद्रपुर चली गई थीं। उनका चरित्र ठीक न होने के चलते वह उससे संपर्क नहीं रखते थे। हां मां पोती से कभी-कभार फोन पर बात कर लेती थीं।

घर छोड़ने के बहाने लेकर चले थे

महिला की पहचान होने के बाद पुलिस ने महिला के फोन की कॉल डिटेल निकाली। जिसके बाद पता चला कि महिला सुभाषनगर में किसी पंडित के घर आकर रुकती थीं। वह रुद्रपुर से करीब 15 दिन पहले आ गई थी। वह पंडित के घर से ही निकली थी, जिसके बाद पुलिस ने पंडित के घर जाकर पूछताछ की। इसी दौरान पता चला कि महिला जंक्शन से किसी टेंपों में सवार हुई थी। टेंपो सिठौरा के आसपास के रहने वाला युवक ही चलाता है। उसके साथ में दो युवक और थे। इन तीनों ने महिला के साथ मिलकर शराब पी। उसके बाद उसे घर छोड़ने की बात कही लेकिन रास्ते में महिला गाली-गलौज कर रही थी। इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और महिला की हत्या कर दी। पहले महिला का गला दबाया। फिर आरी ब्लेड से गला काटकर शव खेत में फेंक दिया।

महिला की पहचान हो गई है। केस में अहम सुराग मिले हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जल्द केस का खुलासा कर दिया जाएगा।

जोगेंद्र कुमार, एसएसपी बरेली