- 14 दिन बाद हांगकांग से लौटे युवक की केंद्र सरकार की ओर से दी गयी जानकारी

- सलोरी का रहने वाला युवक 30 जनवरी को हांगकांग से लोटा था प्रयागराज

- युवक जांच में पूरी तरह मिला स्वस्थ, अधिकारियों ने ली राहत की सांस

PRAYAGRAJ: कोरोना वायरस रोकथाम को लेकर चल रहे अभियान में केंद्र सरकार की लापरवाही सामने आई है। हांगकांग से लौटे संदिग्ध की जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को 14 दिन बाद दी गई है जबकि वह 30 जनवरी को शहर आ चुका था। ऐसे में आनन फानन में पहुंची टीम ने उसका हालचाल लिया। सर्विलांस पीरियड से बाहर होने के बाद टीम ने उसे डेंजर जोन से बाहर घोषित कर दिया है।

अंडर सर्विलांस हैं 15 संदिग्ध

युवक सलोरी का रहने वाला है और वह हांगकांग गया हुआ था। तीस जनवरी को वापस इंडिया लौटा है। उसे शहर में आए 15 दिन हो चुके हैं जबकि स्वास्थ्य विभाग को जानकारी मिली कि एक युवक शहर आया है। उसकी मेडिकल जांच कराकर सर्विलांस पर रखा जाए। ऐसे में टीम युवक के पते पर पहुंची तो उसने बताया कि वह 30 जनवरी को आया था। नियम मुताबिक 14 दिन के भीतर कोरोना वायरस अपना असर दिखाने लगता है। ऐसे में युवक पूरी तरह स्वस्थ पाया गया तो अधिकारियों ने राहत की सांस ली। उसे पूरी तरह से आउट आफ डेंजर घोषित कर दिया गया। बता दें कि अब तक कुल 32 संदिग्ध चिंहित किए जा चुके हैं। यह सभी चीन सहित दूसरी एशियन कंट्रीज से शहर लौटे हैं। इनमें से 17 आउट आफ डेंजर हैं तो 15 को सर्विलांस पर रखा गया है। सभी की निगरानी की जा रही है।

सूचना मिलते ही युवक के पते पर जाकर उसका हालचाल लिया गया। 14 दिन बीतने के बाद भी वह स्वस्थ है इसलिए चिंता की बात नही है। हमारी निगरानी सभी पर की जा रही है।

डॉ। गणेश प्रसाद, नोडल अधिकारी व एसीएमओ