RANCHI :सदर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक में रहने वाले सुभाष महतो नामक एक शख्स ने अपने रूम में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि वह बिहार के नवादा का मूल निवासी था और करीब एक साल से अजय जायसवाल के यहां किरायेदार के रूप में रह रहा था। आत्महत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

क्या है मामला

सुभाष को उसके पड़ोसियों ने फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत सदर थाने में मामले की जानकारी दी गई। आसपास के लोगों ने बताया कि सुभाष का उसकी पत्‍‌नी से अक्सर विवाद रहता था। फोन पर ही दोनों घंटों बहस करते थे। शुक्रवार की रात भी किसी मामले को लेकर दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ। दरअसल, सुभाष की पत्नी नवादा में अपने मायके में रहती है। उनका एक बेटा भी है, लेकिन दोनों में अक्सर लड़ाई झगड़ा होता रहता था, जिसकी वजह से उसकी पत्नी नवादा में जाकर रहती है। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि आत्महत्या की वजह पारिवारिक विवाद है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह का भी खुलासा होगा।