RANCHI : सुखदेवनगर पुलिस ने रविवार को छापेमारी कर विद्यानगर से एक नाबालिग बच्ची को बरामद कर लिया। वह पिछले साल अगस्त से लापता थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी रौशन साह को भी गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के परिहर थाना क्षेत्र के जमदर गांव का रहनेवाला है और रांची में कबाड़ी आदि का काम करता है। उसके खिलाफ नाबालिग बच्ची का यौन शोषण करने का आरोप है। पुलिस उससे पूरे मामले में पूछताछ कर रही है।

क्या है मामला

नाबालिग की मां किरण देवी ने पुलिस को बताया कि रौशन शाह बिजली बनाने के लिए अक्सर उसके घर आता था। उससे उसका देवर और भाभी का संबंध था। किरण ने बताया कि पिछले साल 26 अगस्त को उसकी बेटी दुकान से सामान लाने के लिए गई थी, लेकिन इसका बाद वापस नहीं लौटी, उसे कई जगह खोजा, लेकिन पता नहीं चल सका। उसने आगे बताया कि आरोपी रौशन उसकी बेटी को लेकर रांची आ गया था। इसके बाद वह फिर वापस सीतामढ़ी लौट गया था, इस कारण शुरू में उसपर किसी तरह का शक नहीं हुआ था।

ऐसे आया चंगुल में

किरण देवी ने बताया कि बेटी के लापता होने के बाद रौशन साह अक्सर फोन पर उनकी बेटी के बारे में पूछा करता था। इस वजह से उस पर शक हुआ। ऐसे में इसकी जानकारी पीरहर थाना को दी। इसके बाद उसके मोबाइल को सर्विलांस पर रखा गया। सर्विलांस पर रखने पर पता चला कि आरोपी रांची में रह रहा है और नाबालिग को अपने साथ रखे हुए है। इस पर किरण देवी पीरहर थाने के जमादार आरपी यादव, मुखिया फैज मोहम्मद उर्फ तमन्ने के साथ रांची आए और आरोपी को धर दबोचा।