बरसात के मौसम में 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान

आखिरी महीने में बारिश नहीं होने से बढ़ी परेशानी

RANCHI: मानसून होने के बावजूद अभी रांची के मौसम में धूप की तपिश बरकरार रहेगी। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं है। इन दिनों रांची का अधिकतम तापमान सामान्य तौर पर 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह रहा है। रविवार को भी यहां का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इस बीच बढ़ती गर्मी से दिन से लेकर रात तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक तापमान का स्तर 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं एक सप्ताह के बाद ही मौसम के बदलाव के बाद बारिश की संभावना है। हालांकि यह मानसून का आखिरी महीना है, जिसमें कम बारिश के कारण फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। अभी तक अच्छी बारिश ना हो पाने के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

अगले महीने रांची में सेना बहाली

सेना में रैली बहाली रांची में अगले महीने होने वाली है। अक्टूबर के पहले हप्ते में ही बहाली प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह बहाली मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। बहाली के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन मंगाए जा रहे हैं। अप्लाई करने की लास्ट डेट 14 सितंबर है। एडमिट कार्ड 14 सितंबर के बाद वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। जिन कैंडिडेट्स के पास एडमिट कार्ड रहेगा, उन्हें ही स्टेडियम में एंट्री दी जाएगी।