- दिन भर चली तेज हवा, तापमान 28.7 डिग्री पहुंचा

- सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा न्यूनतम तापमान

आगरा। धूप निकलने और तेज हवा चलने से रविवार को धुंध छट गई। सुबह से ही तेज धूप निकली, रात को सर्द हवा चलती रही। इससे अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार सुबह कोहरा छाएगा।

दीपावली के बाद से ओजोन, कार्बन मोनो ऑक्साइड सहित जहरीली गैस और अति सूक्ष्म कण का स्तर बढ़ने के साथ नमी से धुंध छाने लगी थी। कई दिनों तक धुंध छाई रही, पिछले 48 घंटे से मौसम का मिजाज बदल गया है। सुबह से ही तेज धूप निकली, तेज हवा चलती रही। इससे सुबह से ही धुंध छट गई। दोपहर 12 बजे के बाद धूप तेज होती गई, दो बजे तक तेज धूप निकली। शाम को सर्द हवा चलने लगी, रात में तेज हवा चली। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 28.7 दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 16.6 दर्ज किया गया।

23 तक बदलता रहेगा मौसम, सुबह छाएगा कोहरा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 23 नवंबर तक मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। सोमवार को सुबह कोहरा छा सकता है, दोपहर में धूप निकलेगी। इससे तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। 19 नवंबर से तापमान में गिरावट आएगी, न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच सकता है और अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच दर्ज किया जाएगा।

मरीजों को राहत

धुंध छाने और तापमान में गिरावट से अस्थमा, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज सीओपीडी से पीडि़त मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों को अटैक पड़ने पर भर्ती करना पड़ रहा था। एसएन के टीबी एंड चेस्ट डिपार्टमेंट के डॉ। जीवी सिंह ने बताया कि धूप निकलने और धुंध छंटने से अस्थमा और सीओपीडी को दवाएं लेने पर सांस लेने में परेशानी नहीं होगी।