तिरुवनंतपुरम (एएनआई)। साल 2022 भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के लिए अब तक काफी शानदार रहा है। इस साल क्रिकेट के सबसे छोटे फाॅर्मेट में सूर्या का बल्ला जमकर बोला है। बुधवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 50 रन की पारी खेलने के बाद अब उनके नाम एक रिकाॅर्ड भी दर्ज हो गया। वह अब एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

अफ्रीका के खिलाफ खेलते हुए बनाया रिकाॅर्ड
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में भारत के पहले टी20ई के दौरान यादव इस मील के पत्थर तक पहुंचे। मैच के दौरान, एक मुश्किल पिच पर 107 के कम स्कोर का पीछा करते हुए यादव ने शानदार बैटिंग की। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 50* रनों की पारी खेली, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे। ऐसी पिच पर जहां 100 का स्ट्राइक रेट भी मुश्किल था, सूर्यकुमार ने 151.52 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

2022 में लगा चुके हैं 45 छक्के
प्रोटीज के खिलाफ तीन छक्के लगाकर 2022 में वह 45 छक्के लगा चुके हैं। इसके साथ ही वह पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान से आगे निकल गए हैं, जिन्होंने 2021 में 42 छक्के लगाए थे और इससे पहले रिकॉर्ड अपने नाम किया था। न्यूजीलैंड के दिग्गज मार्टिन गप्टिल 2021 में 41 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि रिजवान ने अपने 42 छक्के लगाने के लिए 26 पारियां लीं, लेकिन सूर्यकुमार ने सिर्फ 21 पारियों में ऐसा किया।

भारत सीरीज में 1-0 से आगे
मैच की बात करें तो इस जीत के साथ भारत सीरीज में 1-0 से आगे है। पहले मुकाबले में भारत ने प्रोटीज को 8 विकेट से हराया। अब दो मुकाबले और बाकी हैं। टी-20 वर्ल्डकप से पहले भारत के लिए यह आखिरी दो मैच हैं। भारतीय गेंदबाजों ने हालांकि लय पकड़ ली है और अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में शानदार बाॅलिंग की। अर्शदीप सिंह ने अपने शानदार स्पेल के लिए 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीता।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk