ALLAHABAD: जिले के मेजा थाना अंतर्गत नेवढि़या गांव में संपत्ति के लिए बेटों के बीच हुए विवाद से आहत पिता ने शुक्रवार देर रात ऊंचडीह रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर जान दे दी।

नेवढि़या गांव निवासी रामसजीवन बिंद के तीन बेटे भगवान प्रसाद, गणेश प्रसाद और रमेश बिंद हैं। भगवान प्रसाद ऊंचडीह में सूरज हॉस्पिटल नामक अस्पताल संचालित करता है। तीनों के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद है। शुक्रवार दोपहर पंचायत भी हुई थी। इसमें गालीगलौज और मारपीट हो गई थी। मामला पुलिस तक पहुंच गया। भगवान प्रसाद ने पुलिस में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दोनों भाइयों ने मिलकर उन्हें और उनके बेटे सूरज की पिटाई करने के साथ साथ अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की। बेटों की आपसी कलह से आहत रामसजीवन शुक्रवार देर रात रामसजीवन ऊंचडीह रेलवे स्टेशन के पास स्थित बराही माता धाम के पास पहुंचे। यहां उन्होंने मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी। उनके चीथड़े उड़ गए।