मृतक का शव घर में छोड़ फरार हुए ससुराली

नायब तहसीलदार पहुंची, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भेजा।

बरहन। बरहन के बास गुमान सिंह में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया है।

थाना क्षेत्र बरहन के गांव बास गुमान सिंह निवासी प्रताप सिंह के पुत्र उदयवीर की शादी वर्ष 2015 में फिरोजाबाद के लखना मई थाना नारखी निवासी पूनम (23 वर्ष) के साथ हुई थी। पूनम के परिजनों ने धूमधाम के साथ शादी की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि पिछले कुछ महीने से ससुराली जन लगातार पूनम से एक लाख रुपए लाने के लिए दबाव बना रहे थे। जिस पर पूनम ने पिता द्वारा पैसे देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि उदयवीर के घर शनिवार शाम कुछ अन्य लोग आए हुए थे, जिन्होंने घर पर मांस-मदिरा का सेवन किया था। रविवार अलसुबह ससुराली जन पूनम की हत्या कर फरार हो गए। पूनम के पास एक तीन वर्षीय बेटी मोनिका है। पुलिस व नायब तहसीलदार सराह अशरफ ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

देर रात लगाई थी फांसी

ग्रामीणों के अनुसार पूनम ने शनिवार रात करीब 11 बजे फांसी लगा ली थी। आनन-फानन में परिजन उपचार के लिए आगरा लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। रविवार सुबह मृतका के पति उदयवीर द्वारा ससुराल पक्ष के लोगों को पूनम की मौत होने की जानकारी दी थी।