- स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में कई बिन्दुओं को किया गया है शामिल

आगरा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 का तीसरा चरण शुरू हो चुका है। इस चरण में शहर में कूड़ा उठान, सफाई और उसके निस्तारण पर फोकस रहेगा। इसके लिए औचक निरीक्षण भी किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि शहर के 51 वार्डो में कूड़ा उठान के अरेजमेंट को हाईटेक किया जा चुका है। इसके तहत क्यूआर कोड लगाए जा चुके हैं। आरएफआईडी डिवाइस का वितरण भी कर दिया गया है।

कचरा कलेक्शन की व्यवस्था हाईटेक

शहर में कूड़ा उठान की व्यवस्था को हाईटेक कर दिया गया है। दिन और रात में सफाई कर्मी लगाए गए हैं। इसमें हरीपर्वत जोन में 747, ताजगंज 703, लोहामंडी में 900, छत्ता में 1335 सफाई कर्मी लगाए गए हैं। इसमें 1325 नियमित, 567 संविदाकर्मी और 1793 आउटसोर्स के कर्मचारी हैं।

क्षेत्रों में रात में की जा रही सफाई

इसके अलावा रात में सफाई की जा रही है। इसके लिए ताजगंज में 78, लोहामंडी 30, हरीपर्वत में 50 और छत्ता में 47 सफाई कर्मी कार्यरत हैं। इसकी मॉनीटरिंग के लिए हरीपर्वत में 34 सुपरवाइजर, ताजगंज में 31, लोहामंडी में 28 और छत्ता में 44 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।

शहर में बनाए गए ट्रांसफर स्टेशन

गीले-सूखे कूड़े को अलग-अलग करने के लिए शहर में ट्रांसफर स्टेशन बनाए गए हैं। इसमें ताजगंज पूर्वी, ताजगंज पुरानी मंडी, आईएसबीटी में बनाए गए हैं। इसके अलावा कूड़ा निस्तारण के लिए कुबेरपुर में ड्रोन कैमरे से सर्वे किया जा रहा है। इसके लिए शासन द्वारा करीब आठ करोड़ की धनराशि जारी की जा चुकी है।