- ताजमहल की ऑफिशियल वेबसाइट पर हेल्प लाइन नंबर से मिल रही गलत जानकारी

- पूर्णिमा में रात्रि दर्शन को लेकर फोन अटेंडेंट नहीं दे पाते जानकारी

आगरा। जब किसी मशहूर जगह जाना हो तो उसके संबंध में सभी जानकारियां पहले से जुटा लेना एक पर्यटक के लिए प्राथमिकता में होता है। और जब बात दुनिया के सात आश्चर्यो में शुमार ताजमहल की हो तो ये सवाल कुछ और बढ़ जाते हैं। वहीं जब पर्यटक के सवालों का सामना करने वाले को ही मॉन्यूमेंट की जानकारी न हो तो पर्यटक की मुश्किलें और बढ़ जाती है। विश्व स्मारक ताज की ऑफिशियल वेबसाइट पर जो नंबर दिए गए हैं, उस पर आप कॉल करेंगे तो यह मत समझ लीजिएगा कि आपको सभी जानकारी सही मिली हैं। यहां आपको कुछ जानकारियां गलत भी मिलेगी।

नहीं पता टिकट कितने का

यह वेबसाइट उत्तर प्रदेश पर्यटन ने डवलप की है। इसमें टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर दिया गया है जिस पर फोन कर टूरिस्ट ताज से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन नंबर सुबह 6.30 बजे से रात 9.30 बजे तक चालू रहता है। इसे नंबर की कभी छुट्टी भी नहीं होती। लेकिन इस नंबर पर फोन अटेंडेंट टूरिज्म पुलिस से है जो पर्यटकों को ताज से संबंधित सही जानकारी नहीं बता पाते। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के रिपोर्टर ने जब उनसे ताज के रात्रि दर्शन को लेकर कुछ जानकारी लेनी चाही तो वे इस पर सही जानकारी नहीं दे सके। हेल्पलाइन अटेंडेंट को यह भी नहीं पता कि रात को ताज की टिकट कितने की है।

हर महीने आते हैं एक हजार से ज्यादा फोन

इस हेल्प लाइन नंबर पर रोज 30 से 40 इनक्वायरी फोन कॉल आते हैं। एक पर्यटन अधिकारी ने बताया कि हेल्प लाइन नंबर पर देश के कोने-कोने से ही नहीं बल्कि कभी-कभी विदेश से भी फोन आता है। प्रतिदिन आने वाले फोन कॉल के हिसाब से हर महीने इस हेल्प लाइन नंबर पर एक हजार से भी ज्यादा फोन आते हैं।